सरदार वल्लभ भाई पटेल कृषि विश्वविद्यालय में 10 करोड़ का भैंसा और 20 लाख का कुत्ता बना आकर्षण का केंद्र




मेरठ। मोदीपुरम स्थित सरदार वल्लभ पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में मंगलवार से तीन दिवसीय अखिल भारतीय किसान मेला शुरू हुआ। मेले के दूसरे दिन केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान ने विधिवत रूप से उदघाटन किया। किसान मेले में किसानों की भारी भीड़ उमड़ रही है। मेले में आया बीस लाख रुपये के ग्रेंड डेन डॉग और 10 करोड़ का भैंसा आकर्षण का केंद्र बना है।

केंद्रीय राज्य मंत्री संजीव बालियान ने अपने संबोधन के दौरान किसानों को सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। साथ ही किसान मेले में नई तकनीक और नई प्रजातियों की जानकारी लेकर किसानों से उत्पादन बढ़ाकर आय बढ़ाने के लिए प्रेरित किया। किसान मेले में 150 स्टाॅल के जरिये किसानों को विभिन्न जानकारियां भी दी जा रही हैं।

कुलपति डॉ केके सिंह ने बताया कि इस बार किसान मेले में किसान गोष्ठी और किसान चौपाल में किसान प्रतिभाग कर वैज्ञानिकों से तकनीकी ज्ञान प्राप्त कर रहे हैं। किसानों की कृषि संबंधी समस्याओं का कृषि वैज्ञानिक समाधान भी कर रहे हैं। मेले के संयोजक पीके सिंह के मुताबिक मेले में किसान उत्साह के साथ आ रहे हैं।

मेले में पहले दिन सम्राट जादूगर ने जादू दिखाकर किसानों का मनोरंजन किया। दूसरे दिन डॉग शो का आयोजन किया गया। मेले में महिला अध्ययन केंद्र फसल अवशेष प्रबंधन प्राकृतिक खेती, समेकित खेती तथा मोटे अनाज की खेती के स्टाल आकर्षण का केंद्र बन रहे हैं।



Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *