प्रतिष्ठा का सवाल बनी क्रांतिधरा की सीट पर भाजपा के ‘राम’ जीते




Listen to this article

न्यूज 127.
यूपी में खराब प्रदर्शन के बीच भाजपा ने मेरठ ​हापुड़ लोकसभा सीट को जीत लिया है। इस सीट पर रामायण सीरियल में राम का किरदार निभाने वाले अरूण गोविल ने जीत दर्ज की है। उन्होंने इस सीट पर इंडिया गठबंधन से सपा प्रत्याशी सुनीता वर्मा को हराया है। इस सीट पर अरूण गोविल ने 10585 वोट से जीत दर्ज की है। इस सीट पर भाजपा की जीत होने से कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर है।
मेरठ—हापुड लोकसभा सीट पर भाजपा ने इस बार बाहरी प्रत्याशी को चुनाव मैदान में उतारा था। इस सीट पर उन्होंने वर्तमान सांसद राजेंद्र अग्रवाल का टिकट काटकर अरूण गोविल को चुनाव मैदान में उतारा था। स्थानीय कार्यकर्ताओं ने उनका बाहरी होने का विरोध किया। हालांकि यह विरोध खुलकर नहीं हुआ, केवल अंदरूनी होता रहा। इससे बेखबर भाजपा का टिकट मिलने पर अरूण गोविल ने जहां चुनाव मैदान में उतरकर मोर्चा संभाल लिया था वहीं टिकट कटने से नाराज दावेदारों ने भीतरघाट भी शुरू कर दिया था। संगठन ने इसका संज्ञान लिया और खुद आरएसएस को मैदान में उतरकर डैमेज कंट्रोल करना पड़ा। भाजपा के कुछ नेताओं से अरूण गोविल नाराज दिखे थे, यह तब सामने आया था जब चुनाव खत्म होने के बाद उन्होंने एक्स पर एक पोस्ट शेयर की थी।
चार जून की सुबह जब मतगणना शुरू हुई तो शुरूआती नतीजों में भाजपा प्रत्याशी अरूण गोविल सपा प्रत्याशी सुनीता वर्मा से पीछे रहे। सपा प्रत्याशी 20 हजार से अधिक वोटों की लीड लेकर आगे चलती रही तो भाजपा कार्यकर्ताओं के चेहरों पर मायूसी झलकने लगी। लेकिन इस सीट पर हर बार की तरह इस बार भी कैंट विधानसभा ने अपना हक अदा किया और भाजपा प्रत्याशी की झोली वोटो से भर दी। दोपहर बाद भाजपा प्रत्याशी अरूण गोविल ने सपा प्रत्याशी पर बढ़त बनानी शुरू की तो वह फिर बरकार रही। सपा प्रत्याशी फिर से बढ़त बनाने में नाकाम रही। वोटों की गिनती खत्म होने पर चुनाव आयोग ने उन्हें 10585 वोट से विजयी घोषित कर दिया।