Gurukul kangri haridwar: CM पुष्कर सिंह धामी ने गुरूकुल कांगड़ी को लेकर कह दी बड़ी बात




Listen to this article

न्यूज 127.
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्वामी श्रद्धानंद जी की पुण्यतिथि पर आज हरिद्वार गुरूकुल कांगड़ी पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्होंने स्वामी श्रद्धानंद के संघर्ष को याद करते हुए उनके योगदान और बलिदान का उल्लेख किया। कहा कि स्वामी श्रद्धानंद ने यहां गुरुकुल कांगड़ी शैक्षणिक संस्थान की नींव रखी थी। निश्चित रूप से उनकी प्रेरणा से यह स्थान पूरे विश्व में शिक्षा और सनातन का प्रसार कर रहा है। ऐसी संस्थाओं का उत्थान होना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह उनका सौभाग्य है कि इस पावन भूमि पर आयोजित कार्यक्रम में उन्हें शामिल होने का मौका मिला। कहा कि यहां साधु संतों के आशीर्वाद से ही आने का गौरव मिलता है। स्वामी श्रद्धानंद महाराज ने पूरी दुनिया में वैदिक धर्म का प्रचार प्रसार किया।

केंद्रीय मंत्री सीआर पाटिल ने कहा गुरूकुल ही ऐसी संस्था है जो विद्याथियों बनाने के साथ साथ उनका व्यक्तिव बनाता है। स्वामी श्रद्धानंद ने जो शिक्षा का वृक्ष लगाया था आज वह विराट वट वृक्ष बन चुका है। गुरूकुल से पढ़कर निकलने वाला विद्यार्थी धर्म और नीति​ में विश्वास रखता है। और जो नीति में विश्वास रखता है वह कभी समस्या खड़ी नहीं कर सकता है, वह सभी का सम्मान करता है। उसके लिए राष्ट्र सर्वोपरि होता है।

पूर्व सीएम और वर्तमान सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि स्वामी श्रद्धानंद ने आजादी के लिए, भारतीयता के लिए आह्वान किया। उन्होंने वेद भारत का मंत्र दिया। उन्होंने क्रांति की अलख जतायी और कहा कि भारत भारतीयों के लिए हैं। उनके योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता।

गुरूकुल कांगड़ी की वर्ष 1902 में स्थापना की गई थी। इस संस्था में सौ साल बाद हवन यज्ञ के साथ सैकड़ों की संख्या में आर्य मनीषी आर्य उपासक पहुंचे। सभी ने इस परिसर में जंगल के बीच और गंगा तट के किनारे 1100 कुंडीय हवन यज्ञ में प्रतिभाग किया।

स्वामी श्रद्धानंद के 99 वें बलिदान दिवस पर आयोजित इस कार्यक्रम में केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी आर पाटिल, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत समेत तमाम कैबिनेट मंत्री और बॉलीवुड अभिनेता विवेक ओबेरॉय तक पहुंचे।

सांसद डॉ सत्यपाल सैनी और गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय परिवार की ओर से आयोजित धार्मिक अनुष्ठान में हरिद्वार जिले के तमाम स्कूलों के बच्चों ने इस परिसर में हवन यज्ञ किया। उन्होंने स्वामी श्रद्धानंद के प्रति श्रद्धांजलि व्यक्त की।

इस दौरान पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद, विधायक प्रदीप बत्रा, पूर्व विधायक कुंवर प्रणव चैंपियन, जिलाध्यक्ष संदीप गोयल, जिला पंचायत अध्यक्ष किरन चौधरी आदि भी मौजूद रहे।