सांसद त्रिवेंद्र रावत की दो टूक, जनता को मिले सरकारी योजनाओं के सभी लाभ




Listen to this article

न्यूज 127, नवीन चौहान।
कुंभ मेला-2027 के आयोजन की घड़ी जैसे-जैसे नजदीक आ रही है, हरिद्वार में व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासनिक जवाबदेही भी बढ़ती जा रही है। करोड़ों श्रद्धालुओं की संभावित आमद को देखते हुए अब सबसे बड़ी चुनौती शहर और जनपद के प्रमुख मार्गों को समय रहते दुरुस्त करने की है। इसी को ध्यान में रखते हुए सांसद एवं पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने अधिकारियों को दिसंबर के अंत तक सभी आवश्यक सड़क निर्माण और मरम्मत कार्य पूरे करने की स्पष्ट समयसीमा दे दी है। इसी के साथ केंद्र और राज्य सरकार की तमाम योजनाओं का लाभ जनता ​को मिलना चाहिए।

गुरुवार को कुंभ मेला नियंत्रण भवन में आयोजित दिशा समिति की बैठक में सांसद का विशेष जोर कुंभ से पहले धरातल पर दिखाई देने वाली तैयारियों पर रहा। राष्ट्रीय राजमार्ग, लोक निर्माण विभाग और प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अधिकारियों को दो टूक कहा गया कि जनवरी में कुंभ की गतिविधियां शुरू होने से पहले सड़कें सुगम और व्यवस्थित होनी चाहिए। श्रद्धालुओं को खराब सड़कों, अधूरे निर्माण और आवागमन की अव्यवस्थाओं का सामना न करना पड़े।

दरअसल, कुंभ जैसे विशाल धार्मिक आयोजन में सड़क और यातायात व्यवस्था की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होती है। लाखों श्रद्धालुओं की आवाजाही के बीच छोटी सी अव्यवस्था भी बड़ी परेशानी का कारण बन सकती है। ऐसे में दिसंबर की समयसीमा संबंधित विभागों के लिए किसी बड़ी परीक्षा से कम नहीं है।

योजनाओं के आंकड़े नहीं, लाभार्थियों के चेहरों पर दिखे काम
बैठक में सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत ने केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन पर भी अधिकारियों को आईना दिखाया। उन्होंने कहा कि योजनाओं की सफलता केवल प्रगति रिपोर्ट और सरकारी आंकड़ों से तय नहीं होगी, बल्कि इसका वास्तविक पैमाना यह है कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक उसका लाभ पहुंचा या नहीं।

वृद्धावस्था और विधवा पेंशन से वंचित पात्र लोगों की पहचान करने, प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, जल जीवन मिशन और किसान सम्मान निधि जैसी योजनाओं का लाभ जरूरतमंदों तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए। सुकन्या समृद्धि योजना के प्रचार-प्रसार पर भी जोर दिया गया।

सड़क दुर्घटनाओं पर लगाम के प्रयास बने मिसाल
बैठक का एक अहम पहलू जनपद में सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण को लेकर परिवहन विभाग की कार्रवाई भी रही। सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत ने जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में पिछले तीन माह से चल रहे चेकिंग अभियान की सराहना की। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई से दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने की दिशा में बेहतर प्रयास हुए हैं। सांसद ने पेयजल, बिजली, स्वास्थ्य, शिक्षा, सिंचाई और क्षतिग्रस्त सड़कों जैसी स्थानीय समस्याओं पर भी अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए।

दिशा समिति की बैठक ने कुंभ से पहले हरिद्वार की व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन के सामने स्पष्ट प्राथमिकताएं रख दी हैं। अब निगाहें इस बात पर रहेंगी कि दिसंबर के अंत तक सड़क निर्माण और मरम्मत के लक्ष्य कितने पूरे होते हैं और सरकारी योजनाओं का लाभ कितने जरूरतमंदों तक पहुंचता है। कुंभ की तैयारियों में अब समय कम है और जिम्मेदारी बड़ी।