लक्सर फ्लाईओवर दे रहा हादसों को न्योता, सड़क क्षतिग्रस्त—सरिया तक बाहर निकला








Listen to this article

हरिद्वार।
जनपद के लक्सर नगर के बीचों-बीच बना फ्लाईओवर इन दिनों लोगों के लिए खतरे का सबब बनता जा रहा है। फ्लाईओवर की सड़क कई स्थानों पर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी है और जगह-जगह गहरे गड्ढे बन गए हैं। हालत यह है कि सड़क के अंदर लगा लोहे का सरिया तक बाहर निकल आया है, जिससे कभी भी बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई है।
फ्लाईओवर से प्रतिदिन हजारों छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं, लेकिन इसके बावजूद जिम्मेदार विभागों की ओर से अभी तक मरम्मत को लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। सड़क पर बने गड्ढों और टूटे हिस्सों के कारण दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कई बार वाहन चालक अचानक गड्ढों में फंसकर संतुलन खो देते हैं, जिससे दुर्घटना का खतरा और बढ़ जाता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि तेज रफ्तार से गुजरने वाले वाहनों के लिए यह फ्लाईओवर अब मौत का जाल बनता जा रहा है। खासकर रात के समय सड़क पर बने गहरे गड्ढे और बाहर निकला सरिया वाहन चालकों के लिए और अधिक खतरनाक साबित हो सकता है। ऐसे में कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
हैरानी की बात यह है कि तहसील प्रशासन और विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी भी रोज इसी फ्लाईओवर से होकर गुजरते हैं, लेकिन इसके बावजूद इसकी जर्जर स्थिति की ओर अब तक गंभीरता से ध्यान नहीं दिया गया है। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से फ्लाईओवर की जल्द मरम्मत कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया तो यहां किसी भी दिन बड़ा हादसा हो सकता है।
इस संबंध में राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिशासी अधिकारी सुरेश तोमर ने बताया कि पहले गन्ने से लदी ट्रॉलियों का आवागमन अधिक होने के कारण मरम्मत कार्य शुरू नहीं किया जा सका था। अब गन्ने की आवाजाही कम हो गई है और सड़क का एग्रीमेंट भी हो चुका है। उन्होंने कहा कि इसी माह फ्लाईओवर की मरम्मत का कार्य शुरू करा दिया जाएगा।