हरिद्वार
हरिद्वार में अनाधिकृत निर्माण और अवैध प्लॉटिंग के खिलाफ हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। राजा गार्डन रोड, तालाब के निकट जमालपुर क्षेत्र में लगभग 8 से 10 बीघा भूमि पर बिना स्वीकृत मानचित्र के की जा रही अवैध प्लॉटिंग को प्राधिकरण की टीम ने जेसीबी की मदद से ध्वस्त कर दिया।
प्राधिकरण की टीम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र में विकसित किए जा रहे प्लॉटों तथा निर्माण कार्यों को हटाते हुए स्पष्ट संदेश दिया कि नियमों की अनदेखी अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कार्रवाई के दौरान स्थानीय स्तर पर हलचल बनी रही, जबकि प्रशासन ने पूरे अभियान को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया।
जांच में सामने आया कि संबंधित निर्माणकर्ता सूरज सैनी द्वारा बिना मानचित्र स्वीकृति के बड़े स्तर पर प्लॉटिंग की जा रही थी, जो प्राधिकरण के नियमों का सीधा उल्लंघन है। इस पर तत्काल कार्रवाई करते हुए अवैध निर्माण को ध्वस्त किया गया।
मौके पर मौजूद निर्माणकर्ता को कड़ी चेतावनी देते हुए अधिकारियों ने निर्देश दिए कि भविष्य में बिना स्वीकृति किसी भी प्रकार का निर्माण कार्य न किया जाए।
एचआरडीए सचिव मनीष कुमार सिंह ने बताया कि शहर में अवैध निर्माण और प्लॉटिंग के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा, ताकि शहरी विकास को नियमानुसार और व्यवस्थित बनाया जा सके।
एचआरडीए ने जमालपुर में अवैध प्लॉटिंग पर चलाया बुलडोजर




