आईआईटी रुड़की–यूएसएसी के बीच समझौता, अंतरिक्ष विज्ञान में नई दिशा








Listen to this article

न्यूज 127, देहरादून
भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान रुड़की (आईआईटी रुड़की) और उत्तराखंड स्पेस एप्लीकेशन सेंटर (यूएसएसी) के बीच अंतरिक्ष विज्ञान एवं जियोस्पेशियल तकनीक के क्षेत्र में सहयोग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए हैं। इस समझौते का उद्देश्य अकादमिक, वैज्ञानिक और अनुसंधान गतिविधियों को सुदृढ़ करना है।
इस अवसर पर आईआईटी रुड़की के निदेशक प्रो. कमल किशोर पंत और यूएसएसी के निदेशक प्रो. दुर्गेश पंत ने एमओयू पर हस्ताक्षर किए। कार्यक्रम में सेंटर फॉर स्पेस साइंस एंड टेक्नोलॉजी के प्रमुख प्रो. संजय एच. उपाध्याय सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

समझौते के तहत दोनों संस्थान तीन प्रमुख क्षेत्रों—अकादमिक एवं अनुसंधान सहयोग, एम.टेक एवं पीएचडी छात्रों का संयुक्त मार्गदर्शन तथा सेमिनार, सम्मेलन एवं कार्यशालाओं के संयुक्त आयोजन—पर मिलकर कार्य करेंगे। विशेष रूप से अंतरिक्ष अनुप्रयोग, जियोस्पेशियल तकनीक, जलवायु परिवर्तन, आपदा प्रबंधन और प्राकृतिक संसाधन प्रबंधन जैसे विषयों पर संयुक्त शोध एवं पायलट परियोजनाएं चलाई जाएंगी।

आईआईटी रुड़की के छात्रों को यूएसएसी में इंटर्नशिप, प्रोजेक्ट कार्य और शोध के अवसर प्रदान किए जाएंगे, जिससे उन्हें व्यावहारिक अनुभव प्राप्त होगा। साथ ही, दोनों संस्थानों के संकाय और वैज्ञानिक मिलकर छात्रों का मार्गदर्शन करेंगे और उन्हें आधुनिक प्रयोगशालाओं एवं संसाधनों का उपयोग करने का अवसर मिलेगा। यह साझेदारी उत्तराखंड में वैज्ञानिक अनुसंधान और तकनीकी नवाचार को नई दिशा देने के साथ-साथ शोध को व्यावहारिक उपयोग में बदलने में सहायक सिद्ध होगी।