ऊधमसिंहनगर
पुलिस ने किच्छा क्षेत्र में हुई युवक की हत्या के मामले का सफल खुलासा करते हुए महज 19 वर्षीय अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त आलाकत्ल (चाकू) भी बरामद कर लिया है।
17 अप्रैल 2026 की रात किच्छा की पुरानी गल्ला मंडी में रहने वाले दीपक कुमार पर शिवा नामक युवक ने चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल दीपक को उपचार के लिए सुशीला तिवारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां 18 अप्रैल को उसकी मौत हो गई।
इस मामले में मृतक के परिजन विनीत कुमार की तहरीर पर थाना किच्छा में मुकदमा दर्ज किया गया, जिसे बाद में हत्या की धारा में परिवर्तित किया गया।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक नगर और क्षेत्राधिकारी सितारगंज के नेतृत्व में टीम गठित की गई। टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए 20 अप्रैल 2026 को आरोपी शिवा को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त चाकू बरामद किया गया, जिसके आधार पर आर्म्स एक्ट की धाराएं भी जोड़ी गईं।
पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि मृतक दीपक, उसके मामा की लड़की से बातचीत करता था, जिसे लेकर वह नाराज था। घटना की रात बनखंडी मंदिर के पास दोनों के बीच विवाद हुआ, जो अचानक हिंसक हो गया। गुस्से में आकर आरोपी ने चाकू से हमला कर दिया, जिससे दीपक की जान चली गई।
आरोपी का विवरण
गिरफ्तार अभियुक्त शिवा (उम्र 19 वर्ष), पुत्र महेश, मूल निवासी नन्दपुर नरका टोपा थाना बाजपुर तथा वर्तमान निवासी पुरानी गल्ला मंडी किच्छा का रहने वाला है।




