रुद्रपुर।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के कुशल निर्देशन में ऊधमसिंहनगर पुलिस की एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए स्पा सेंटर की आड़ में चल रहे देह व्यापार के एक संगठित रैकेट का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस दौरान 2 नाबालिग सहित 5 युवतियों को रेस्क्यू करते हुए 2 महिलाओं समेत कुल 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार AHTU टीम को गाबा चौक स्थित ‘ब्यूटी क्वीन स्पा एंड सैलून’ में बाहरी राज्यों की युवतियों से अनैतिक कार्य कराए जाने की सूचना मिली थी। सूचना की पुष्टि के बाद प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिंह दसौनी के नेतृत्व में टीम ने औचक छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान मौके से 5 मोबाइल फोन, एक स्कैनर, रजिस्टर और आपत्तिजनक सामग्री बरामद की गई।
पुलिस ने मौके से स्पा सेंटर की संचालिका लालनुनसियामी उर्फ किकी, उसके पति मौ० शेहरियार, हाउसकीपिंग कर्मचारी एच लालछनहिमा, रिसेप्शनिस्ट दीपक सिंह, ग्राहक संजय श्रीवास्तव और एक अन्य महिला लालरमजावी उर्फ निकी को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों से पूछताछ जारी है।
रेस्क्यू की गई पांचों युवतियां मिजोरम की निवासी हैं, जिनमें दो नाबालिग हैं। प्रारंभिक पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि आरोपी युवतियों को मिजोरम से अच्छे रोजगार का झांसा देकर रुद्रपुर लाते थे और बाद में उन्हें डराकर व दबाव बनाकर देह व्यापार में धकेल देते थे।
इस मामले में मिजोरम के ऑल वुमेन पुलिस स्टेशन, आइजोल में पहले से ही मुकदमा दर्ज है, जिसके क्रम में उत्तराखंड पुलिस ने समन्वय स्थापित कर कार्रवाई तेज कर दी है। रुद्रपुर कोतवाली में भी भारतीय न्याय संहिता की धारा 143(5), अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम 1956 की धाराएं 3/4/5/6 तथा पॉक्सो एक्ट की धाराओं 16/17 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस ने बताया कि इस तरह के संगठित गिरोहों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और मानव तस्करी व अनैतिक गतिविधियों में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
देह व्यापार का भंडाफोड़, 2 नाबालिग समेत 5 युवतियां रेस्क्यू, 6 आरोपी गिरफ्तार




