न्यूज 127, हरिद्वार।
हरिद्वार विकास प्राधिकरण द्वारा अवैध निर्माणों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसही क्रम में शुक्रवार को भी एचआरडीए की टीम ने भूपतवाला क्षेत्र में दो अवैध निर्माणों को सील किया। यह निर्माण कार्य बिना मानचित्र स्वीकृति के किया जा रहा था।
एचआरडीए के अनुसार हरिद्वार भूपतवाला के गायत्री विहार में राजाराम पाण्डेय द्वारा पूर्व स्वीकृत मानचित्र के विपरीत निर्माण किया जा रहा था। इसके अलावा भूपतवाला में ही जीडी पुरम में अजय चौधरी द्वारा अवैध निर्माण किया जा रहा था। प्राधिकरण अधिकारियों के अनुसार दोनों निर्माण कार्य बिना स्वीकृति के किए जा रहे थे। इस संबंध में संबंधित निर्माणकर्ताओं के विरुद्ध अधिनियम की सुसंगत धाराओं के अंतर्गत वाद योजित किए गए थे और निर्माण कार्य रोकने के लिए कई बार निर्देश भी दिए गए थे। इसके बावजूद निर्माण कार्य लगातार जारी रहने पर प्राधिकरण टीम ने मौके पर पहुंचकर दोनों अवैध निर्माणों को सील कर दिया। कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए कि बिना मानचित्र स्वीकृति एवं प्राधिकरण की अनुमति के किसी भी प्रकार का निर्माण कार्य न किया जाए। प्राधिकरण की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध निर्माण कराने वालों में हड़कंप मचा हुआ है। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि भविष्य में भी बिना अनुमति किए जा रहे निर्माणों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।
एचआरडीए की टीम ने भूपतवाला में सील किये अवैध निर्माण




