हरिद्वार, 03 जून 2026।
जनपद में अवैध अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बुधवार को व्यापक अभियान चलाया। जिलाधिकारी हरिद्वार एवं नगर आयुक्त के निर्देश पर नगर निगम और जिला प्रशासन की संयुक्त टीम ने ललतारो पुल से अपर रोड तक कार्रवाई करते हुए 80 से अधिक अस्थायी अतिक्रमणों को हटाया।
अभियान के दौरान सड़क और नालियों पर किए गए अतिक्रमणों को चिन्हित कर तत्काल प्रभाव से हटाया गया। इस दौरान कुछ स्थानीय व्यापारियों ने कार्रवाई में बाधा डालने का प्रयास भी किया, लेकिन पुलिस प्रशासन की मुस्तैदी के चलते अभियान बिना रुके जारी रहा और सफलतापूर्वक पूरा किया गया।
प्रशासन ने सख्त चेतावनी देते हुए कहा है कि भविष्य में नालियों के ऊपर या निर्धारित सीमा से बाहर किसी भी प्रकार का सामान, निर्माण सामग्री या व्यापारिक वस्तुएं रखी गईं तो उन्हें तुरंत जब्त किया जाएगा। साथ ही बार-बार अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाएगी।
अभियान के दौरान सिटी मजिस्ट्रेट हरगिरी, उपजिलाधिकारी योगेश मेहरा, उप नगर आयुक्त दीपक गोस्वामी, सफाई निरीक्षक धीरेंद्र सेमवाल सहित पुलिस बल और नगर निगम की टीम मौके पर मौजूद रही।
प्रशासन ने दोहराया कि जनहित, स्वच्छता और सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिक्रमण के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।




