दिन निकलते ही अतिक्रमण हटाने निकली टीम, विरोध के बावजूद जब्त किया सामान








Listen to this article

न्यूज 127.हरिद्वार।
मुख्यमंत्री के निर्देश पर धर्मनगरी हरिद्वार में अतिक्रमण के खिलाफ सख्ती के साथ अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के दौरान जहां अवैध अतिक्रमण को ध्वस्त किया जा रहा है वहीं अवैध कब्जा कर रखे गए सामान को जब्त किया जा रहा है। प्रशासन के इस अभियान से अतिक्रमण करने वालों में हड़कंप मचा है।

जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में उप जिलाधिकारी मुख्यालय / नगर मजिस्ट्रेट हर गिरी के नेतृत्व में ललतारौ पुल से अपर रोड क्षेत्र में नगर निगम, पुलिस एवं जिला प्रशासन द्वारा अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जा रहा है।

अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान सड़क किनारे अवैध रूप से लगाये गए खोखे एवं ठेलियों को हटाया जा रहा है। चार धाम यात्रा एवं आगामी कांवड़ मेले को सुव्यवस्थित ढंग से संचालित करने के उद्देश्य से अतिक्रमण हटाया जा रहा है।

अतिक्रमण हटाने पहुंची टीम को कुछ स्थानों पर विरोध भी हो रहा है लेकिन पुलिस फोर्स की मौजूदगी के चलते उनका यह विरोध कामयाब नहीं हो रहा है। अतिक्रमण हटने से रास्ते चौड़े नजर आ रहे हैं। अतिक्रमण के खिलाफ अभियान शहरी क्षेत्र के अलावा नगर पालिका और नगर पंचायत क्षेत्रों में भी चलाया जा रहा है।