जिलाधिकारी ने किया नंदा की चौकी पुल का स्थलीय निरीक्षण,लापरवाही पर होगी कार्रवाई








Listen to this article

न्यूज 127, देहरादून।
जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने मंगलवार सुबह नंदा की चौकी पुल का स्थलीय निरीक्षण किया। भारी वर्षा के कारण पुल से पहले एप्रोच रोड का एक हिस्सा धंस गया है, जिससे आवागमन प्रभावित हुआ है। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई करते हुए मार्ग को सुरक्षित बनाकर शीघ्र ही यातायात के लिए पुनः सुचारु करने के निर्देश दिए।

इसके उपरांत जिलाधिकारी ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण करते हुए सोडा सरोली का दौरा किया, जहां वर्षा से क्षतिग्रस्त पीएमजीएसवाई सड़क को तत्काल खोलने के निर्देश दिए। वहीं, मलबा आने से बंद थानों मार्ग को त्वरित कार्रवाई करते हुए यातायात हेतु बहाल कर दिया गया है।

जिलाधिकारी लगातार फील्ड में रहकर वर्षा से प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण कर रहे हैं तथा राहत एवं पुनर्स्थापन कार्यों की मॉनिटरिंग करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दे रहे हैं। जिलाधिकारी का कहना है कि पूरे प्रकरण की जांच के आदेश दिये गए हैं। यदि इसमें किसी प्रकार की विभागीय लापरवाही सामने आयी तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।