न्यूज 127, हरिद्वार।
कनखल क्षेत्र में इंस्टाग्राम के माध्यम से नाबालिग से दोस्ती कर उसे कथित तौर पर प्रेम जाल में फंसाने, दुष्कर्म करने, वीडियो बनाने और ब्लैकमेल करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को 24 घंटे के भीतर बिजनौर से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी वारदात के बाद हरिद्वार से फरार होकर बिजनौर स्थित अपने गांव पहुंच गया था।
पुलिस के मुताबिक 16 सितंबर 2026 को कनखल निवासी महिला ने थाने में तहरीर देकर बताया कि उसकी नाबालिग बेटी की इंस्टाग्राम के जरिए अजय नाम के युवक से दोस्ती हुई थी। बातचीत के दौरान आरोपी कथित तौर पर नाबालिग पर मिलने के लिए दबाव बनाने लगा। आरोप है कि घर पर किसी के मौजूद नहीं होने का फायदा उठाकर आरोपी वहां पहुंचा और नाबालिग के साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद उसने फोटो और वीडियो बनाकर उसे ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। किसी को घटना की जानकारी देने पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप है।
परेशान नाबालिग ने घटना की जानकारी अपनी मां को दी। इसके बाद मां की तहरीर पर थाना कनखल में मुकदमा अपराध संख्या 349/25 के तहत धारा 64(1), 352, 351(2) बीएनएस तथा धारा 3(क)/4 पॉक्सो अधिनियम में मुकदमा दर्ज किया गया।
मामला नाबालिग से संबंधित होने के कारण वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित कर तत्काल कार्रवाई शुरू की गई। पुलिस टीम रात में ही बिजनौर के लिए रवाना हुई और ग्राम नारायणवाला, थाना रेहड़, जिला बिजनौर में दबिश देकर 17 सितंबर को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान अजय उर्फ गोलू पुत्र बीरेन्द्र कुमार, निवासी ग्राम नारायणवाला, थाना रेहड़, जिला बिजनौर, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। आरोपी को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया जा रहा है। पुलिस टीम में महिला उपनिरीक्षक सीमा आर्य, अपर उपनिरीक्षक मुकेश धीमान और हेड कांस्टेबल रविन्द्र तोमर शामिल रहे।


