न्यूज 127, नैनीताल।
निर्माण एवं सृजन के देवता भगवान विश्वकर्मा की जयंती के अवसर पर 17 सितंबर को नैनीताल पुलिस ने शस्त्रों, उपकरणों और कार्यस्थलों की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। पुलिस लाइन नैनीताल में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी ने पूजन किया और पुलिसकर्मियों को विश्वकर्मा जयंती की शुभकामनाएं दीं।
पुलिस लाइन स्थित शस्त्रागार, संचार शाखा और परिवहन शाखा में औजारों, मशीनों एवं विभिन्न उपकरणों को विधिवत सजाकर पूजा-अर्चना की गई। पुलिस बल द्वारा प्रतिदिन कर्तव्य निर्वहन में इस्तेमाल किए जाने वाले शस्त्रों और उपकरणों की सुरक्षा, कार्यक्षमता तथा सुचारु संचालन के लिए भगवान विश्वकर्मा से प्रार्थना की गई।
पूजन कार्यक्रम में एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी, एसपी कार्यालय/संचार रेवाधर मठपाल, क्षेत्राधिकारी नैनीताल अंजना नेगी, प्रतिसार निरीक्षक पुलिस लाइन हरकेश सिंह, आरआई संचार राजकुमार बिष्ट, एसआई एमटी दलजीत मर्तोलिया, आर्मोरर मंगल सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मियों ने भगवान विश्वकर्मा के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित किए। इसके बाद पुलिसकर्मियों को प्रसाद एवं मिष्ठान वितरित किया गया।
कर्तव्य, कौशल और अनुशासन का दिया संदेश
एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने कहा कि भगवान विश्वकर्मा की जयंती कार्य के प्रति निष्ठा, कौशल, अनुशासन, समर्पण और सृजनशीलता की प्रेरणा देती है। पुलिस बल के लिए शस्त्र एवं उपकरण केवल कार्य के साधन नहीं, बल्कि जनसेवा और सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाने के महत्वपूर्ण माध्यम हैं। इनका सुरक्षित और जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग प्रत्येक पुलिसकर्मी के कर्तव्य का महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने सभी पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को विश्वकर्मा जयंती की शुभकामनाएं देते हुए कर्तव्य के प्रति पूर्ण निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करने का संदेश दिया।
सभी थानों और पुलिस इकाइयों में हुआ पूजन
विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर जिले के सभी थानों, चौकियों और पुलिस इकाइयों में भी पूजा-अर्चना की गई। कोतवाली हल्द्वानी में एसपी सिटी मनोज कत्याल एवं प्रभारी निरीक्षक विजय मेहता सहित पुलिसकर्मियों ने भगवान विश्वकर्मा के चित्र पर पुष्प अर्पित किए।
इस दौरान विभिन्न पुलिस इकाइयों के शस्त्रागार, वर्कशॉप एवं अन्य कार्यस्थलों पर शस्त्रों, औजारों, मशीनों और उपकरणों का विधिवत पूजन कर उनकी सुरक्षा एवं सुचारु संचालन की कामना की गई।


