न्यूज 127, नैनीताल।
बड़े वीकेंड और श्री कैंची धाम के प्रति श्रद्धालुओं की आस्था के चलते नैनीताल जिले में पर्यटकों और श्रद्धालुओं की भारी आमद से यातायात का दबाव बढ़ गया है। कैंची धाम समेत प्रमुख पर्यटन एवं धार्मिक स्थलों पर बढ़ती भीड़ को देखते हुए नैनीताल पुलिस ने यातायात व्यवस्था संभालने के लिए व्यापक स्तर पर पुलिस बल तैनात किया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी ने शनिवार को स्वयं सड़कों पर उतरकर विभिन्न स्थानों का निरीक्षण किया और यातायात एवं रूट व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को यातायात को सुचारु बनाए रखने तथा पर्यटकों और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न होने देने के निर्देश दिए।
आज शाम से वन-वे व्यवस्था
पुलिस के अनुसार शनिवार 3 अक्टूबर की शाम पांच बजे के बाद यातायात को वन-वे व्यवस्था के तहत संचालित किया जाएगा। भीमताल तिराहे की ओर से आने वाले वाहनों को हल्द्वानी की ओर बाहर निकाला जाएगा। वहीं शाम 5:30 बजे के बाद नैनीताल की ओर जाने वाले यातायात को करीब तीन घंटे तक नियंत्रित किया जाएगा, ताकि बाहर निकलने वाले वाहनों का आवागमन सुचारु कराया जा सके।
रविवार को छह घंटे नियंत्रित रहेगा यातायात
रविवार 4 अक्टूबर को शाम चार बजे से रात 10 बजे तक हल्द्वानी और काठगोदाम की ओर से नैनीताल, भीमताल एवं भवाली जाने वाले यातायात को करीब छह घंटे के लिए रोका जाएगा। इस दौरान हाईडिल तिराहा, नरीमन तिराहा और काठगोदाम थाना क्षेत्र से आने वाले यातायात को नियंत्रित किया जाएगा।
इस अवधि में नैनीताल, कैंची धाम, भीमताल और भवाली की ओर से आने वाले वाहनों के बाहर निकलने को प्राथमिकता दी जाएगी। पुलिस ने वाहन चालकों से रविवार शाम चार बजे के बाद इन क्षेत्रों की ओर जाने के लिए वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करने की अपील की है।
प्रमुख स्थानों पर पुलिस बल तैनात
एसपी क्राइम/ट्रैफिक डॉ. जगदीश चंद्र, एसपी संचार रेवाधर मठपाल, एसपी सिटी हल्द्वानी हरबंस सिंह सहित सभी क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी, यातायात पुलिस, सीपीयू और चौकी प्रभारी अपने-अपने क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में जुटे हैं। प्रमुख चौराहों, डायवर्जन प्वाइंट और संवेदनशील स्थानों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। सड़क किनारे अनधिकृत रूप से वाहन खड़ा करने वालों के खिलाफ चालानी कार्रवाई भी की जा रही है, ताकि अनावश्यक जाम की स्थिति उत्पन्न न हो।
श्रद्धालुओं के लिए शटल सेवा
कैंची धाम सहित प्रमुख स्थलों पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए शटल सेवा और निर्धारित पार्किंग की व्यवस्था की गई है। पुलिस ने श्रद्धालुओं से निजी वाहनों की संख्या कम करने के लिए कार-पूलिंग अपनाने तथा शटल सेवा का अधिक से अधिक उपयोग करने की अपील की है।
पुलिस ने पर्यटकों और श्रद्धालुओं से निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही वाहन खड़ा करने, सड़क किनारे पार्किंग से बचने, वन-वे एवं डायवर्जन व्यवस्था का पालन करने तथा अनावश्यक ओवरटेक और गलत लेन का प्रयोग नहीं करने की अपील की है। साथ ही कैंची धाम जाने वाले श्रद्धालुओं से शटल सेवा का उपयोग करने और यातायात पुलिस के निर्देशों का पालन करने को कहा गया है।


