पैचवर्क कार्यों में ढिलाई पर जेई को नोटिस, सड़क मरम्मत पर नगरायुक्त की सीधी नजर




Listen to this article

न्यूज 127, हरिद्वार।
नगर निगम हरिद्वार द्वारा शहर के सभी 60 वार्डों में सड़कों को गड्ढामुक्त करने के लिए पैचवर्क कार्य चलाया जा रहा है। शनिवार को नगर आयुक्त नंदन कुमार (IAS) ने विभिन्न क्षेत्रों में चल रहे पैचवर्क कार्यों का औचक स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान खन्ना नगर में कार्य की गुणवत्ता संतोषजनक न पाए जाने पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सुधार के कड़े निर्देश दिए और जिम्मेदार अवर अभियंता (जेई) को ‘कारण बताओ नोटिस’ जारी करने के आदेश दिए।

नगर आयुक्त नंदन कुमार ने सभी संबंधित अधिकारियों को नगर निगम क्षेत्र में चल रहे पैचवर्क कार्यों का प्रतिदिन स्थलीय निरीक्षण करने की हिदायत दी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़क मरम्मत में निर्धारित मानकों और गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि निरीक्षण के दौरान कोई कमी पाई जाती है तो संबंधित अधिकारी व कर्मचारी की जवाबदेही तय करते हुए सख्त नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

नगर आयुक्त ने अधिकारियों को सभी पैचवर्क कार्यों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से जल्द से जल्द पूरा करने के निर्देश दिए हैं, ताकि आम नागरिकों को आवागमन में बेहतर सड़क सुविधा मिल सके। वर्तमान में नगर निगम प्रशासन द्वारा सभी 60 वार्डों में चल रहे कार्यों की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है।