न्यूज 127, मेरठ (जोजो)।
29वीं अन्तरजनपदीय मेरठ जोन एथलेटिक्स क्लस्टर (एथलेटिक्स व साइकिलिंग) प्रतियोगिता-2026 तथा तृतीय अन्तरजनपदीय मेरठ जोन भारोत्तोलन, योग एवं पावर लिफ्टिंग प्रतियोगिता-2026 में जनपद मेरठ के पुलिस खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर जिले व पुलिस विभाग का मान बढ़ाया है।
प्रतियोगिता के दौरान मेरठ पुलिस की महिला कांस्टेबल मनोरमा ने एथलेटिक्स में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। वहीं, हेड कांस्टेबल मनोज कुमार ने पावर लिफ्टिंग और शॉट पुट (गोला फेंक) स्पर्धाओं में बेहतरीन प्रदर्शन कर मेरठ पुलिस को गौरवान्वित किया।
बुधवार, 7 अक्टूबर 2026 को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) मेरठ ने दोनों पदक विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया। एसएसपी ने खिलाड़ियों के उत्कृष्ट खेल प्रदर्शन की भूरि-भूरि प्रशंसा की और उन्हें आगामी राज्य व राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।
एसएसपी मेरठ ने दोनों पुलिस एथलीटों को उनके उज्ज्वल भविष्य और आगामी खेल प्रतियोगिताओं के लिए हार्दिक शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर पुलिस विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।


