न्यूज 127, मेरठ (जोजो):
जनपद के दौराला थाना क्षेत्र के सकौती इलाके में तेज रफ्तार महिंद्रा बोलेरो पिकअप वाहन ने एक साइकिल सवार को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए अज्ञात व्यक्ति (उम्र करीब 45 वर्ष) की उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और वाहन की तलाश शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह करीब 6:30 बजे हितकारी किसान इंटर कॉलेज सकौती के पास एक महिंद्रा बोलेरो पिकअप (रजिस्ट्रेशन नंबर DL1LAA9216) ने साइकिल पर सवार करीब 45 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति को टक्कर मार दी। हादसे की सूचना मिलते ही सकौती फैंटम के कांस्टेबल ललित कुमार और उपनिरीक्षक वीनेश कुमार तुरंत मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए 108 एंबुलेंस की मदद से घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दौराला पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस अब वाहन के नंबर के आधार पर चालक की पहचान करने और आगे की वैधानिक कार्रवाई में जुटी है।


