गंगानगर पुलिस और स्वाट टीम ने किया 2 करोड़ की चोरी का खुलासा, मेड समेत 4 गिरफ्तार




Listen to this article

न्यूज 127, मेरठ (जोजो):
जनपद के थाना गंगानगर क्षेत्र में घर की महिला को जहरीला पदार्थ देकर बेहोश करने और लाखों के आभूषण व नकदी समेटने वाले शातिर अंतरराज्यीय गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। थाना गंगानगर पुलिस और स्वाट टीम (प्रथम व देहात) की संयुक्त कार्रवाई में एक महिला समेत चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने चोरी गए शत-प्रतिशत माल—लगभग 2 करोड़ रुपये मूल्य के प्राचीन व देशी-विदेशी सिक्के, बहुमूल्य आभूषण और 3.56 लाख रुपये नकद—को सकुशल बरामद कर लिया है।

यह था पूरा मामला:
वादी आशुतोष भल्ला, निवासी डिफेंस कॉलोनी, थाना गंगानगर ने 26 अक्टूबर 2026 को थाने में तहरीर दी थी कि उनके घर पर काम करने वाली मेड ने उनकी माता को जहरीला पदार्थ खिलाकर बेहोश कर दिया और घर से कीमती सामान चोरी कर रफूचक्कर हो गई। इस मामले में पुलिस ने तुरंत मु0अ0सं0 297/2026 के तहत BNS की गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अपराधियों की धरपकड़ के लिए टीमें गठित की थीं।

संयुक्त टीम की ताबड़तोड़ कार्रवाई:
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मेरठ बीबीजीटीएस मूर्ति के निर्देशानुसार और पुलिस अधीक्षक ग्रामीण व क्षेत्राधिकारी सदर देहात के पर्यवेक्षण में पुलिस ने तकनीकी सर्विलांस और मुखबिर की सूचना पर चार आरोपियों को दबोच लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों में जितेन्द्र कुमार (निवासी कपसाढ़, सरधना, मेरठ), रोशनी ओराओन (निवासी नागराकाटा, जलपाईगुड़ी, पश्चिम बंगाल), मनीष कुमार उर्फ मन्नू (निवासी रणखण्डी, देवबन्द, सहारनपुर) और मीनू (निवासी ब्रास, करनाल, हरियाणा) शामिल हैं। विवेचना के आधार पर मुकदमे में अन्य धाराएं भी बढ़ाई गई हैं।

शत-प्रतिशत बरामदगी:
पुलिस लाइन में प्रेसवार्ता के दौरान एसएसपी ने पकड़े गए बदमाशों और बरामदगी के बारे में जानकारी दी। बताया कि पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पीली व सफेद धातु के विभिन्न आभूषण, सफेद धातु के 32 सिक्के, 111 पुराने देशी-विदेशी सिक्के, 8 प्राचीन धातु मुद्राएं, पुराने 500 रुपये के 12 नोट (कुल 6 हजार रुपये) और 3.50 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं। कुल बरामद आभूषणों और प्राचीन सिक्कों का अनुमानित बाजार मूल्य करीब 2 करोड़ रुपये आंका गया है। सभी आरोपियों को आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।

गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम

  1. प्रभारी निरीक्षक विनय कुमार सिंह थाना गंगानगर।
  2. उ0नि0 आशीष कुमार थाना गंगानगर।
  3. उ0नि0 शुभम चौधरी थाना गंगानगर।
  4. उ0नि0 इन्द्रजीत सिंह थाना गंगानगर।
  5. उ0नि0 नरेन्द्र चाहर थाना गंगानगर।
  6. म0उ0नि0 मोनिका थाना गंगानगर।
  7. म0का0 रीना थाना गंगानगर।
  8. हे0का0 शैलेन्द्र कुमार थाना गंगानगर।
  9. का0 कुंवरपाल सिंह थाना गंगानगर।
  10. उ0नि0 धर्मेन्द्र सिंह प्रभारी स्वाट टीम प्रथम मय टीम।
  11. स्वाट टीम देहात मेरठ।