न्यूज 127, मेरठ (जोजो):
अवैध निर्माण और ध्वस्तीकरण के मामलों की निष्पक्ष जांच के लिए सुप्रीम कोर्ट द्वारा गठित न्यायिक आयोग के अध्यक्ष और सुप्रीम कोर्ट के सेवानिवृत्त न्यायाधीश जस्टिस सुधांशु धूलिया आज मेरठ पहुंचे। उनके आगमन पर सर्किट हाउस में प्रशासनिक एवं विकास प्राधिकरण के अधिकारियों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
जस्टिस धूलिया के मेरठ दौरे का मुख्य उद्देश्य विकास प्राधिकरण क्षेत्र के उल्देपुर में अवैध रूप से बसाई गई कॉलोनी की जमीनी हकीकत की जांच करना है। ज्ञात हो कि सुप्रीम कोर्ट में सेंट्रल मार्केट मामले की सुनवाई के दौरान इस पूरी स्थिति का संज्ञान लेते हुए उलदेपुर मामले की उच्चस्तरीय जांच के लिए इस विशेष न्यायिक आयोग का गठन किया गया था।
दौरे के दौरान जस्टिस धूलिया स्थानीय अधिकारियों के साथ बैठक कर अवैध निर्माणों और पूर्व में हुई ध्वस्तीकरण की कार्रवाई से संबंधित अभिलेखों और तथ्यों की समीक्षा करेंगे। आयोग की इस जांच को मेरठ में अवैध निर्माण के खिलाफ चल रही कार्रवाई के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इस दौरान सुरक्षा और प्रशासनिक व्यवस्थाओं को पूरी तरह मुस्तैद रखा गया है।


