न्यूज 127, देहरादून।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को मिनी स्टेडियम, ननूरखेड़ा, देहरादून में आयोजित ‘खेल महाकुम्भ-2026’ एवं ‘मुख्यमंत्री चैम्पियनशिप ट्रॉफी’ के भव्य समापन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री चैम्पियनशिप ट्रॉफी के विजेता बने देहरादून जनपद को ट्रॉफी के साथ 5 लाख रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की। साथ ही, युवाओं के लिए ‘meroyuva.in’ पोर्टल का विमोचन भी किया।
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आज उत्तराखंड देवभूमि के साथ-साथ ‘खेल भूमि’ के रूप में भी अपनी एक विशिष्ट पहचान बना रहा है। खेल केवल पदक जीतने का जरिया नहीं हैं, बल्कि ये अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना विकसित करने का प्रमुख आधार हैं। इस वर्ष खेल महाकुम्भ में प्रदेश के कोने-कोने से आए 3 लाख 35 हजार से अधिक खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया, जो यह साबित करता है कि यह आयोजन अब प्रदेश में खेलों के प्रति एक बड़े जन-आंदोलन का रूप ले चुका है।
सरकार की खेल नीतियों का जिक्र करते हुए सीएम धामी ने कहा कि न्याय पंचायत से लेकर राज्य स्तर तक के विजेता खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए लगभग 11 करोड़ 30 लाख रुपये की पुरस्कार राशि डीबीटी (प्रत्यक्ष लाभ हस्तांतरण) के माध्यम से सीधे उनके बैंक खातों में भेजी जा रही है। इसके अलावा, राज्य सरकार ने मुख्यमंत्री चैम्पियनशिप ट्रॉफी की राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतने वाले पात्र खिलाड़ियों को सरकारी नौकरियों में 4 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण का लाभ देने का भी ऐतिहासिक निर्णय लिया है।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित खेल मंत्री श्रीमती रेखा आर्या ने कहा कि मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में प्रदेश में आधुनिक खेल सुविधाओं का तेजी से विस्तार किया जा रहा है। ‘मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन योजना’ और ‘मुख्यमंत्री खिलाड़ी प्रोत्साहन योजना’ के जरिए खिलाड़ियों को छात्रवृत्ति व खेल उपकरणों के लिए लगातार आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है।
इस अवसर पर राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, युवा कल्याण सलाहकार परिषद के उपाध्यक्ष विनोद सुयाल व कुन्दन सिंह लटवाल, विशेष प्रमुख सचिव अमित कुमार सिन्हा, निदेशक युवा कल्याण सुश्री दीप्ति सिंह सहित खेल विभाग के तमाम अधिकारी और बड़ी संख्या में प्रदेशभर से आए खिलाड़ी व खेल प्रेमी उपस्थित रहे।


