न्यूज 127, हरिद्वार।
श्री अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के राष्ट्रीय मीडिया संयोजक एवं मिश्री मठ के परमाध्यक्ष महामंडलेश्वर स्वामी करौली शंकर महाराज के आह्वान पर आयोजित दो दिवसीय धार्मिक एवं सामाजिक आयोजनों का समापन शनिवार को मां गंगा की भव्य और दिव्य आरती के साथ हुआ। इस अवसर पर हजारों की संख्या में साधक, अनुयायी और श्रद्धालु उपस्थित रहे।
गंगा आरती के उपरांत श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए स्वामी करौली शंकर महाराज ने कहा कि जीवनदायिनी मां गंगा की निर्मलता और पवित्रता ही हमारे जीवन का आधार और आने वाली पीढ़ी के भविष्य की नींव है। उन्होंने नई पीढ़ी में धर्म के प्रति आस्था जागृत करने के लिए ऐसे आयोजनों को बेहद जरूरी बताया और सभी से गंगा की स्वच्छता बनाए रखने का संकल्प लेने का आह्वान किया।
इस भव्य समापन समारोह के दौरान गंगा सभा (रजि.) की ओर से पं. सिद्धार्थ चक्रपाणि, पं. शैलेष मोहन और अन्य पदाधिकारियों ने स्वामी करौली शंकर महाराज का भव्य स्वागत किया और उन्हें मां गंगा का प्रसाद भेंट किया। कार्यक्रम में श्री पंचायती नया अखाड़ा उदासीन के अध्यक्ष महंत धुनीदास, कोठारी महंत नितिन दास, संस्था प्रबंधक डॉ. उमेश सचान, वरिष्ठ भाजपा नेता अनिरुद्ध भाटी और विशाल गुप्ता सहित हजारों भक्तगण उपस्थित रहे।


