एचईसी कॉलेज की मेजबानी में अंतर महाविद्यालय एथलेटिक्स प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ, 53 महाविद्यालयों की टीमों ने किया प्रतिभाग
न्यूज 127, हरिद्वार।
श्री देव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय की अंतर महाविद्यालयी एथलेटिक्स प्रतियोगिता 2026-27 (पुरुष एवं महिला वर्ग) का शनिवार को वंदना कटारिया स्टेडियम, रोशनाबाद में भव्य शुभारंभ हुआ। एचईसी ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस, हरिद्वार को इस वर्ष प्रतियोगिता की मेजबानी का अवसर मिला है। प्रतियोगिता में गढ़वाल मंडल के विश्वविद्यालय से संबद्ध 53 महाविद्यालयों की टीमों ने प्रतिभाग किया।
प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि विश्वविद्यालय के कुलसचिव दिनेश चंद्रा ने किया। उन्होंने मार्च पास्ट की सलामी लेकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और सभी प्रतिभागियों को खेल भावना, अनुशासन और समर्पण के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने की शपथ दिलाई। उन्होंने आयोजन की सफलता के लिए आयोजक संस्थान और खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. अमरीश कुमार महाजन ने भी सभी प्रतिभागियों को अपनी शुभकामनाएं प्रेषित की।
इस अवसर पर एचईसी ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के अध्यक्ष संदीप चौधरी, एसएमजेएन पीजी कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सुनील कुमार बत्रा, विश्वविद्यालय के क्रीड़ा सचिव पुष्कर गौड़, साहिया कॉलेज के चेयरमैन अनिल सिंह तोमर और विभिन्न शिक्षण संस्थानों के क्रीड़ा प्रभारी एवं खेल प्रशिक्षक मौजूद रहे। अतिथियों ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया।
प्रतियोगिता के पहले दिन 100, 200, 400 और 800 मीटर दौड़ की स्पर्धाओं के साथ लॉन्ग जंप, हाई जंप, ट्रिपल जंप, हर्डल रेस, शॉट पुट और वॉक रेस सहित विभिन्न एथलेटिक्स स्पर्धाओं का आयोजन किया गया। 800 मीटर दौड़ के पुरुष वर्ग में राजकीय महाविद्यालय कोटद्वार के यश चौधरी ने प्रथम, गवर्नमेंट पीजी कॉलेज गोपेश्वर के कमल राम ने द्वितीय और पंडित ललित मोहन शर्मा कैंपस, ऋषिकेश के जितेश पंडित ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। महिला वर्ग में राजकीय महाविद्यालय कोटद्वार की मेघा ने प्रथम और ललिता रावत ने द्वितीय स्थान हासिल किया, जबकि राजकीय पीजी कॉलेज, चमोली की प्रतिभागी तृतीय स्थान पर रहीं।
200 मीटर दौड़ के पुरुष वर्ग में जसपाल राणा कॉलेज, देहरादून के अंशुल कुमार ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय कोटद्वार के मोहित द्वितीय और दीपांशु तृतीय स्थान पर रहे। महिला वर्ग में जसपाल राणा कॉलेज, देहरादून की सृष्टि ठाकुर ने प्रथम, पंडित ललित मोहन शर्मा कैंपस, ऋषिकेश की प्रिंसी प्रजापति ने द्वितीय तथा राजकीय महाविद्यालय डाकपत्थर, देहरादून की निकिता ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
5000 मीटर दौड़ के पुरुष वर्ग में राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, कोटद्वार के प्रभु महतो ने प्रथम, हिमगिरी कॉलेज, लंढौरा के आकांश कुमार ने द्वितीय और राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, कोटद्वार के मोहित सैनी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। महिला वर्ग में राजकीय महाविद्यालय, कोटद्वार की मीनाक्षी नेगी प्रथम और रुचि रानी द्वितीय स्थान पर रहीं।
आयोजन सचिव उमराव सिंह ने बताया कि प्रतियोगिता के दूसरे दिन जैवलिन थ्रो, शॉट पुट और हैमर थ्रो सहित विभिन्न फील्ड स्पर्धाओं का आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ही पहले दिन की स्पर्धाओं में चयनित खिलाड़ियों के सेमीफाइनल एवं फाइनल मुकाबले भी आयोजित होंगे।
एचईसी ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के अध्यक्ष संदीप चौधरी ने सभी प्रतिभागी छात्र-छात्राओं को बधाई देते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि खेल छात्रों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। खेलों से अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और आत्मविश्वास का विकास होता है। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ बेहतर प्रदर्शन करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर प्रोफेसर राखी पंचोला, प्राचार्य राजकीय महाविद्यालय मंगलौर, प्रोफेसर प्रीति कुमारी, प्राचार्य राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय टिहरी गढ़वाल, हीरा सिंह बिष्ट, अनिल पुरी, सांसद प्रतिनिधि हरिद्वार तथा शक्ति सिंह बर्त्वाल, अमित चौधरी आदि उपस्थित रहे।


