उत्तराखंड प्रमुख संगठन सम्मेलन में क्षेत्र पंचायतों को सशक्त बनाने के लिए सीएम पुष्कर सिंह धामी ने की चार बड़ी घोषणाएं




Listen to this article

न्यूज 127, देहरादून।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को मुख्यमंत्री आवास स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित ‘उत्तराखंड प्रमुख संगठन सम्मेलन, 2026’ में बतौर मुख्य अतिथि प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने प्रदेशभर से आए ब्लॉक प्रमुखों और जनप्रतिनिधियों का स्वागत करते हुए क्षेत्र पंचायतों को अधिक मजबूत व सशक्त बनाने के लिए चार महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।

मुख्यमंत्री ने सम्मेलन में घोषणा करते हुए कहा कि क्षेत्र पंचायत निधि को पुनः प्रारंभ करने की कार्यवाही की जाएगी। साथ ही, क्षेत्र पंचायत प्रतिनिधियों के मानदेय एवं भत्तों में वृद्धि के लिए भी उचित कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने घोषणा की कि राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन की विकासखंड स्तरीय समिति में अब क्षेत्र पंचायत प्रमुख को भी शामिल किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, ग्रामीण क्षेत्रों को नगरीय क्षेत्रों में शामिल करने की प्रक्रिया के दौरान संबंधित ग्राम पंचायत से भी पूरी तरह विचार-विमर्श किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ब्लॉक प्रमुख और पंचायत प्रतिनिधि सरकार व जनता के बीच एक मजबूत सेतु का कार्य करते हैं। सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विकास में इनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से आह्वान किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में पात्र व्यक्तियों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने और जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के लिए प्रशासन के साथ निरंतर समन्वय बनाए रखें।

सरकार की अन्य उपलब्धियों का जिक्र करते हुए सीएम धामी ने कहा कि राज्य सरकार स्थानीय निकायों को आर्थिक रूप से सुदृढ़ करने के लिए लगातार कार्य कर रही है। छठे राज्य वित्त आयोग की संस्तुतियों के तहत स्थानीय निकायों की कर राजस्व में हिस्सेदारी 10.5 प्रतिशत से बढ़ाकर 12.5 प्रतिशत करने का प्रस्ताव है, जिसके लिए अनुपूरक बजट में 721 करोड़ रुपये की व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि ‘विकसित उत्तराखंड’ का लक्ष्य गांवों को आत्मनिर्भर बनाकर ही हासिल किया जा सकता है। सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार, स्वरोजगार, होमस्टे और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा दे रही है, जिससे रिवर्स पलायन में 44 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है।

कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री ने पंचायतों को मिलने वाली धनराशि का उपयोग पूरी पारदर्शिता और ईमानदारी से करने तथा विकास कार्यों की गुणवत्ता से कोई समझौता न करने की बात कही। इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख संगठन उत्तराखंड के प्रदेश अध्यक्ष राजीव कण्डारी, महासचिव गणेश चन्दोला, ज्योति ग्रोवर, संरक्षक हरीश बिष्ट सहित प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से आए तमाम ब्लॉक प्रमुख उपस्थित रहे।