डी.ए.वी. पब्लिक स्कूल देहरादून में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया लोकपर्व ‘इगास’




Listen to this article

न्यूज 127, देहरादून।
डी.ए.वी. पब्लिक स्कूल में उत्तराखंड की समृद्ध लोकसंस्कृति एवं परंपराओं के प्रतीक लोकपर्व ‘इगास’ (बूढ़ी दीपावली) को अत्यंत हर्षोल्लास एवं पारंपरिक उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर को विद्यार्थियों द्वारा निर्मित आकर्षक पुष्पों, पारंपरिक सजावटी लड़ियों एवं मनमोहक रंगोलियों से सजाया गया।

इस आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ना तथा देश के विभिन्न क्षेत्रों की लोकपरंपराओं के प्रति सम्मान एवं जागरूकता का भाव विकसित करना था। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में अनुराधा त्रिवेदी एवं संजय गुप्ता उपस्थित रहे। अतिथिगण का स्वागत चंदन तिलक, पुष्प वृष्टि व पौधा भेंट कर किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ रंग-बिरंगी फुलझड़ियों व अनार की मनमोहक रोशनी के साथ हुआ, जिसने संपूर्ण वातावरण को प्रकाश और उल्लास से आलोकित कर दिया। इस मनोहारी दृश्य के साथ यह मंगलकामना की गई कि जिस प्रकार फुलझड़ियों व अनार के विविध रंग चारों ओर खुशियों का उजास बिखेर रहे हैं, उसी प्रकार प्रत्येक मनुष्य के जीवन में भी सुख, समृद्धि, उमंग और खुशियों के रंग सदैव बिखरते रहें।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों की इस श्रृंखला में कक्षा पाँच की छात्रा अंशिका रतूड़ी व यू.के.जी. की छात्रा वेदिका नेगी द्वारा मनमोहक एकल नृत्य प्रस्तुत किया गया। वहीं कक्षा तीन से पाँच तक के विद्यार्थियों ने मधुर दीपावली गीत की सामूहिक प्रस्तुति देकर उत्सव की उमंग को और बढ़ा दिया। इसके अतिरिक्त महाराष्ट्र की प्रसिद्ध लोकनृत्य शैली ‘लावणी’ पर आधारित समूह नृत्य ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से विद्यार्थियों ने भारत की विविधतापूर्ण लोकसंस्कृति की सुंदर झलक प्रस्तुत की।

विशिष्ट अतिथि अनुराधा त्रिवेदी ने छात्रों को इगास पर्व की शुभकामनाएँ दीं तथा विद्यालय द्वारा आयोजित ऐसे सांस्कृतिक कार्यक्रमों की सराहना करते हुए विद्यालय के प्रयासों की प्रशंसा की। प्रधानाचार्या शालिनी समाधिया ने छात्रों को इगास पर्व की शुभकामनाएंँ देते हुए भारतीय संस्कृति की समृद्ध परंपराओं को सहेजने और भावी पीढ़ी तक पहुंँचाने का आह्वान किया।