तीसरी बार सरकार बनाने के लक्ष्य के साथ हरिद्वार से चुनावी रणनीति बनाएगी भाजपा




Listen to this article

न्यूज 127, हरिद्वार।
उत्तराखंड में 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों को गति देने के लिए भारतीय जनता पार्टी हरिद्वार से चुनावी रणनीति की शुरुआत करेगी। 21 और 22 नवंबर को प्रेमनगर आश्रम में होने वाली पार्टी की दो दिवसीय विस्तारित प्रदेश कार्यसमिति में करीब 900 नेता और पदाधिकारी हिस्सा लेंगे। बैठक में केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, प्रदेश प्रभारी राम माधव, प्रदेश सह प्रभारी अरविंद मेनन व बांसुरी स्वराज, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट और प्रदेश महामंत्री संगठन फणींद्रनाथ शर्मा सहित वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे।

भाजपा के प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार ने शुक्रवार को प्रेमनगर आश्रम में हुई प्रेसवार्ता में बताया कि कार्यसमिति में लगातार तीसरी बार प्रदेश में भाजपा की सरकार बनाने के लक्ष्य के साथ आगामी कार्ययोजना और चुनावी रणनीति पर मंथन होगा। 21 नवंबर को सुबह नौ बजे कार्यक्रम का उद्घाटन होगा और पहले दिन विभिन्न मोर्चों व सात प्रकोष्ठों की बैठकें होंगी। सुबह 11 बजे संयुक्त मोर्चा एवं प्रकोष्ठों की कार्यसमिति में पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल होंगे, जिसमें पूर्व कार्यों की समीक्षा और आगे के कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की जाएगी।

कुंदन परिहार के अनुसार, पहले दिन शाम को प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा और आगामी कार्यक्रमों पर चर्चा होगी। इसके बाद 22 नवंबर को विस्तारित प्रदेश कार्यसमिति की मुख्य बैठक होगी, जिसमें प्रदेश के विस्तारक, विधानसभा प्रभारी, पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और अन्य अपेक्षित कार्यकर्ताओं समेत करीब 900 नेता भाग लेंगे। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी 22 नवंबर को हरिद्वार पहुंचकर कार्यसमिति को संबोधित करेंगे।

उन्होंने कहा कि लगातार तीसरी बार सरकार बनाने के लक्ष्य को साधने के लिए बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने, केंद्र व राज्य सरकार की उपलब्धियों को लोगों तक पहुंचाने और विधानसभा स्तर पर कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियां तय करने पर खास फोकस रहेगा। प्रेसवार्ता में कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक, प्रदेश उपाध्यक्ष स्वामी यतीश्वरानंद, जिला अध्यक्ष आशुतोष शर्मा, प्रदेश मीडिया सह संयोजक विकास तिवारी, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष अभिनव चौहान और महामंत्री संजीव चौधरी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।