पवाणी अग्निकांड पर कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने जताया दुःख, प्रभावितों को हरसंभव मदद का भरोसा




Listen to this article

News127, देहरादून।
उत्तरकाशी जनपद की मोरी तहसील के ग्राम पवाणी में हुए भीषण अग्निकांड पर कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने गहरा दुःख व्यक्त किया है। उन्होंने घटना को अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और पीड़ादायक बताते हुए अग्निकांड से प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट की है।

मंत्री मदन कौशिक ने कहा कि इस कठिन समय में राज्य सरकार पूरी संवेदनशीलता के साथ प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को जिला प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर राहत एवं बचाव कार्यों में आवश्यक सहयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

उन्होंने कहा कि प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत सामग्री, भोजन, आवास और चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। इसके साथ ही अग्निकांड से हुए नुकसान का शीघ्र आकलन कर प्रभावित परिवारों को नियमानुसार अनुमन्य सहायता उपलब्ध कराने के लिए प्रभावी कार्रवाई की जाए।

मंत्री ने कहा कि आपदा की इस घड़ी में प्रत्येक प्रभावित परिवार तक समय पर सहायता पहुंचाना आवश्यक है। राज्य सरकार राहत एवं बचाव कार्यों को लेकर पूरी तरह प्रतिबद्ध है और प्रभावितों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

उन्होंने मां गंगा से प्रार्थना की कि सभी प्रभावित परिवारों को इस कठिन परिस्थिति से उबरने की शक्ति प्रदान करें।