सीएम पुष्कर धामी ने विश्व आपदा प्रबंधन सम्मेलन का किया शुभारंभ, हिमालयन इंस्टीट्यूट को देंगे एक करोड़




Listen to this article

50 से अधिक देशों के विशेषज्ञ जुटे, छह महाद्वीपों में एक साथ हो रहा अंतरराष्ट्रीय मंथन

News127, देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को मुख्यमंत्री आवास में विश्व आपदा प्रबंधन सम्मेलन-2026 का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने हिमालयन इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, देहरादून के कॉरपस फंड के लिए एक करोड़ रुपये देने की घोषणा की। तीन दिवसीय इस अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में 50 से अधिक देशों के विशेषज्ञ, वैज्ञानिक, शिक्षाविद् और आपदा प्रबंधन संस्थानों के प्रतिनिधि प्रतिभाग कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सम्मेलन उत्तराखंड को आपदा प्रबंधन, वैज्ञानिक अनुसंधान और अंतरराष्ट्रीय सहयोग के क्षेत्र में वैश्विक पहचान दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इसमें आधुनिक तकनीक, नवाचार, अनुसंधान और विभिन्न देशों के अनुभवों के आधार पर आपदा प्रबंधन की प्रभावी रणनीतियों पर मंथन किया जाएगा। सम्मेलन में देश के 30 से अधिक राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों तथा छह महाद्वीपों के प्रतिनिधि विभिन्न सत्रों में शामिल हो रहे हैं।

धामी ने कहा कि जलवायु परिवर्तन के कारण दुनिया के सामने अतिवृष्टि, बाढ़, भूस्खलन, सूखा और वनाग्नि जैसी चुनौतियां लगातार बढ़ रही हैं। ऐसे में आपदा प्रबंधन को केवल राहत एवं बचाव तक सीमित नहीं रखा जा सकता। संभावित जोखिमों का पूर्वानुमान, समय रहते चेतावनी, प्रभावी तैयारी और जनहानि को न्यूनतम करना प्राथमिकता होनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश आपदा प्रबंधन की प्रतिक्रियात्मक व्यवस्था से आगे बढ़कर पूर्वानुमान और जोखिम न्यूनीकरण पर ध्यान दे रहा है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मशीन लर्निंग, रिमोट सेंसिंग, जीआईएस, सैटेलाइट मॉनिटरिंग और ड्रोन जैसी आधुनिक तकनीकों का इस्तेमाल आपदा प्रबंधन को अधिक प्रभावी बना सकता है। इनका लाभ अंतिम गांव तक पहुंचना जरूरी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड सहित पूरा हिमालयी क्षेत्र भौगोलिक और पर्यावरणीय दृष्टि से संवेदनशील है। केदारनाथ आपदा, चमोली आपदा और सिलक्यारा सुरंग घटना ने विकास योजनाओं में पर्यावरणीय संतुलन और मानवीय सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की आवश्यकता स्पष्ट की है। हिमालयी क्षेत्रों की समान चुनौतियों को देखते हुए नेपाल, भूटान और अन्य हिमालयी क्षेत्रों के अनुभवों से भी सीखने की जरूरत है।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड सरकार एसडीआरएफ को मजबूत बनाने, आधुनिक उपकरण उपलब्ध कराने, पूर्व चेतावनी प्रणाली विकसित करने और संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। आपदा के दौरान त्वरित राहत एवं बचाव के साथ प्रभावित क्षेत्रों के पुनर्वास और पुनर्निर्माण पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने सम्मेलन की थीम ‘रेजिलिएंस स्टार्ट्स एट होम‘ को प्रासंगिक बताते हुए कहा कि आपदा से निपटने की तैयारी की शुरुआत घर, गांव, विद्यालय और स्थानीय समुदाय से होनी चाहिए। प्रशिक्षित युवा, पंचायतें और सामुदायिक चेतावनी प्रणाली आपदा के प्रभाव को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं।

उन्होंने कहा कि विकास की कोई भी परियोजना मानव जीवन से अधिक महत्वपूर्ण नहीं हो सकती। पर्यावरण संरक्षण, जनसुरक्षा और टिकाऊ विकास के बीच संतुलन स्थापित करके ही सुरक्षित भविष्य बनाया जा सकता है।

इस अवसर पर उत्तराखंड आपदा प्रबंधन सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष विनय कुमार रोहिल्ला, दून विश्वविद्यालय की कुलपति डॉ. सुरेखा डंगवाल, पद्मभूषण डॉ. अनिल प्रकाश जोशी, एनडीएमए के सदस्य डॉ. दिनेश कुमार असवाल सहित विभिन्न देशों से आए प्रतिनिधि, वैज्ञानिक, शिक्षाविद् और अधिकारी उपस्थित रहे।

सिलक्यारा के 41 श्रमिकों का रेस्क्यू बना आपदा प्रबंधन की मिसाल : धामी

पथ प्रवाह, देहरादून।
सिलक्यारा सुरंग में फंसे 41 श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकालने के ऐतिहासिक अभियान के तीन वर्ष पूरे होने के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विश्व आपदा प्रबंधन सम्मेलन-2026 का शुभारंभ करते हुए उस चुनौतीपूर्ण अभियान को मानवता, साहस और सामूहिक संकल्प की ऐतिहासिक विजय बताया। उन्होंने कहा कि सिलक्यारा रेस्क्यू ऑपरेशन ने पूरी दुनिया को दिखाया कि आधुनिक तकनीक, वैज्ञानिक दृष्टिकोण और मजबूत इच्छाशक्ति के समन्वय से कठिन से कठिन चुनौती का सामना किया जा सकता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2023 में सुरंग के भीतर फंसे 41 श्रमिकों को 17 दिनों के अथक प्रयासों के बाद सुरक्षित बाहर निकाला गया था। उस दौरान पूरा देश श्रमिकों की सलामती के लिए प्रार्थना कर रहा था। सुरंग के बाहर परिजनों की चिंता, प्रदेशवासियों की उम्मीदें और बाबा बौखनाग के प्रति लोगों की आस्था अभियान में सभी को संबल प्रदान कर रही थी।

उन्होंने श्रमिक गब्बर सिंह नेगी सहित सभी श्रमिकों के धैर्य और साहस की सराहना की। मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार अभियान की जानकारी लेते रहे और प्रतिदिन उनसे संवाद कर आवश्यक मार्गदर्शन एवं सहयोग प्रदान करते रहे। उन्होंने इसे कठिन समय में अभिभावक के समान संबल बताया।

धामी ने कहा कि अभियान की सफलता में इंजीनियरों, वैज्ञानिकों, रैट माइनर्स, सेना, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, केंद्रीय एवं राज्य की एजेंसियों, प्रशासनिक अधिकारियों और स्थानीय नागरिकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। जब बड़ी मशीनों के सामने चुनौतियां खड़ी हुईं, तब रैट माइनर्स ने अपने कौशल और साहस से अंतिम चरण में महत्वपूर्ण सफलता दिलाई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड का हिमालयी क्षेत्र अत्यंत संवेदनशील है। वर्ष 2013 की केदारनाथ आपदा, 2021 की चमोली आपदा, सिलक्यारा सुरंग घटना और हाल के वर्षों में आई प्राकृतिक आपदाओं ने यह स्पष्ट किया है कि विकास और पर्यावरण के बीच संतुलन बनाए रखना अनिवार्य है। हिमालय से निकलने वाली नदियां करोड़ों लोगों के जीवन का आधार हैं। ग्लेशियर, वन और जैव विविधता की सुरक्षा केवल उत्तराखंड ही नहीं, बल्कि पूरे देश के भविष्य से जुड़ी है।

उन्होंने कहा कि जलवायु परिवर्तन के चलते अतिवृष्टि, बादल फटना, भूस्खलन, बाढ़ और वनाग्नि जैसी घटनाओं का खतरा बढ़ रहा है। इन चुनौतियों से निपटने के लिए वैज्ञानिक अध्ययन, समय पर चेतावनी और स्थानीय समुदायों की भागीदारी बेहद जरूरी है। आधुनिक तकनीक के साथ पारंपरिक ज्ञान को भी आपदा प्रबंधन का हिस्सा बनाना होगा।

मुख्यमंत्री ने उत्तरकाशी के धराली क्षेत्र में आई आपदा का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रतिकूल मौसम के बावजूद वह स्वयं प्रभावित क्षेत्र पहुंचे और लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान गुजरात की एक महिला ने उन्हें धर्मभाई मानकर राखी बांधी। उन्होंने कहा कि यह प्रसंग आपदा प्रभावित लोगों के प्रति संवेदनशीलता और विश्वास का प्रतीक है।

धामी ने कहा कि आपदा प्रबंधन की शुरुआत केवल सरकारी स्तर पर नहीं होनी चाहिए, बल्कि प्रत्येक परिवार, गांव, विद्यालय और स्थानीय समुदाय को इसके लिए तैयार रहना होगा। उन्होंने सम्मेलन की थीम ‘रेजिलिएंस स्टार्ट्स एट होम’ को इसी दृष्टिकोण का प्रतीक बताया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास की कोई भी परियोजना मानव जीवन से अधिक महत्वपूर्ण नहीं हो सकती। पर्यावरणीय संतुलन और मानवीय सुरक्षा को ध्यान में रखकर ही विकास योजनाएं बनाई जानी चाहिए। उन्होंने विश्वास जताया कि तीन दिवसीय विश्व आपदा प्रबंधन सम्मेलन में 50 से अधिक देशों के विशेषज्ञों की सहभागिता से हिमालयी क्षेत्रों सहित दुनिया के अन्य संवेदनशील इलाकों के लिए प्रभावी रणनीतियां तैयार करने में मदद मिलेगी।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने हिमालयन इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, देहरादून के कॉरपस फंड के लिए एक करोड़ रुपये देने की घोषणा भी की। कार्यक्रम में उत्तराखंड आपदा प्रबंधन सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष विनय कुमार रोहिल्ला, दून विश्वविद्यालय की कुलपति डॉ. सुरेखा डंगवाल, पद्मभूषण डॉ. अनिल प्रकाश जोशी, एनडीएमए सदस्य डॉ. दिनेश कुमार असवाल सहित देश-विदेश के विशेषज्ञ और अधिकारी मौजूद रहे।