हरिद्वार-रुड़की के 20 विद्यालयों के 60 विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा*
News127, हरिद्वार
दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस) रानीपुर में आयोजित 16वीं किड्स बी क्विज-2026 में मेजबान विद्यालय डीपीएस रानीपुर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया। प्रतियोगिता में ग्रीनवे मॉडर्न स्कूल रुड़की ने दूसरा तथा डीएवी सेंटेनरी स्कूल ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता में हरिद्वार और रुड़की के 20 विद्यालयों के 60 विद्यार्थियों ने प्रतिभाग कर अपनी ज्ञान क्षमता और बौद्धिक प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
विद्यालय के जूनियर विंग में शनिवार को आयोजित प्रतियोगिता का शुभारंभ स्वागत गीत और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस दौरान विद्यार्थियों ने शिव तांडव स्तुति और फ्यूजन नृत्य की आकर्षक प्रस्तुतियां देकर कार्यक्रम में सांस्कृतिक रंग भर दिए।
सामान्य ज्ञान पर आधारित इस प्रतियोगिता में मालगुडी डेज, विश्व के सात आश्चर्य, छत्रपति शिवाजी, समसामयिक घटनाओं और कक्षा पांच तक के मुख्य विषयों से संबंधित प्रश्न पूछे गए। प्रतियोगिता दो चरणों में आयोजित की गई। पहले चरण की लिखित परीक्षा के आधार पर छह विद्यालयों की टीमों ने फाइनल में जगह बनाई। इनमें अचीवर्स होम पब्लिक स्कूल, एंजेल्स एकेडमी स्कूल, डीएवी सेंटेनरी स्कूल, ग्रीनवे मॉडर्न स्कूल रुड़की, माउंट लिटरा जी स्कूल और डीपीएस रानीपुर शामिल रहे।
फाइनल राउंड में सभी टीमों ने पूरे आत्मविश्वास और उत्साह के साथ प्रश्नों के उत्तर देकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। कड़े मुकाबले के बाद डीपीएस रानीपुर ने बाजी मारते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. अनुपम जग्गा ने विजेता टीमों को पुरस्कार और स्मृतिचिह्न प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिताओं में जीत से अधिक महत्वपूर्ण प्रतिभाग करना है। ऐसी गतिविधियां विद्यार्थियों को अपनी क्षमताओं को पहचानने और उनमें निरंतर सुधार करने का अवसर प्रदान करती हैं।
उन्होंने सभी प्रतिभागी विद्यालयों के प्रबंधन, शिक्षकों और विद्यार्थियों का आभार व्यक्त करते हुए सफल आयोजन में उनके सहयोग की सराहना की।
इस अवसर पर मनीषा जग्गा, उप प्रधानाचार्य पविंदर सिंह एवं अनुपमा श्रीवास्तव, अलका गुप्ता और शालिनी भटनागर सहित विभिन्न खंड प्रभारी एवं शिक्षक उपस्थित रहे। क्विज मास्टर की भूमिका करिश्मा सरौत और ऋचा गौतम ने निभाई।


