जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में सक्रिय हुआ आईआरएस सिस्टम
News127, हरिद्वार।
आपदा की स्थिति में राहत एवं बचाव कार्यों की तैयारियों को परखने के लिए शनिवार को हरिद्वार जनपद में राज्य स्तरीय मॉक एक्सरसाइज आयोजित की गई। आपदा प्रबंधन दिवस के अवसर पर जिले के 11 अलग-अलग स्थानों पर एक साथ हुए इस अभ्यास में भूकंप, बाढ़, भगदड़, अग्निकांड और सड़क दुर्घटना जैसी आपातकालीन परिस्थितियों का काल्पनिक परिदृश्य तैयार किया गया। विभिन्न घटनास्थलों पर घायल दर्शाए गए कुल 155 लोगों का सफलतापूर्वक रेस्क्यू करने का अभ्यास किया गया।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में आयोजित मॉकड्रिल के दौरान पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, स्वास्थ्य, राजस्व, अग्निशमन सहित विभिन्न विभागों की तत्परता और आपसी समन्वय की परीक्षा ली गई। सुबह 9:35 बजे जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र को भूकंप के झटके महसूस होने की सूचना मिली। इसके बाद राजकीय इंटर कॉलेज बीएचईएल की छत गिरने और बच्चों के मलबे में दबे होने का काल्पनिक घटनाक्रम तैयार किया गया। सूचना मिलते ही इंसिडेंट रिस्पांस सिस्टम (आईआरएस) सक्रिय कर राहत एवं बचाव टीमों को रवाना किया गया।
रुड़की, मंगलौर और भगवानपुर के विद्यालयों में भी भूकंप से भवन क्षतिग्रस्त होने तथा बच्चों के मलबे में फंसने की परिस्थितियां तैयार की गईं। खानपुर के नेशनल कन्या इंटर कॉलेज में भी भवन के दो कक्ष क्षतिग्रस्त होने का परिदृश्य बनाया गया। यहां राहत एवं बचाव टीमों ने 22 लोगों को सुरक्षित निकालने का अभ्यास किया।
इसी तरह चंडीघाट पुल के समीप बस और ट्रक की टक्कर, हरिद्वार रेलवे स्टेशन पर भगदड़ तथा हरकी पैड़ी स्थित शिव पुल के पास गंगा का जलस्तर बढ़ने से यात्रियों के बहने की काल्पनिक परिस्थितियों में भी बचाव अभियान चलाया गया। जल पुलिस ने गंगा में फंसे यात्रियों को सुरक्षित निकालने का अभ्यास किया।
मॉकड्रिल में जेसीबी, एंबुलेंस, फायर टेंडर, राफ्ट, मोटराइज्ड राफ्ट, वुड कटर और आयरन कटर सहित विभिन्न उपकरणों का इस्तेमाल किया गया। अधिकारियों ने आपातकालीन परिस्थितियों में विभागों की प्रतिक्रिया, संसाधनों की उपलब्धता और राहत कार्यों की गति का परीक्षण किया।


