जूना अखाड़े के प्रमुख मठ-मंदिरों में तीन दिन तक स्थगित रहेंगे धार्मिक आयोजन
News127, हरिद्वार।
आध्यात्मिक जगत की महान विभूति एवं निर्माण पीठाधीश्वर तथा महानिर्वाणी अखाड़े के आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी विशोकानंद गिरी महाराज के दिल्ली में आकस्मिक निधन से संत समाज और आध्यात्मिक जगत में शोक की लहर दौड़ गई है। उनके ब्रह्मलीन होने की सूचना के बाद विभिन्न अखाड़ों और संत समाज ने शोक व्यक्त करते हुए धार्मिक आयोजनों को स्थगित करने का निर्णय लिया है।

स्वामी विशोकानंद गिरी महाराज के निधन के चलते श्री पंचदशनाम जूना अखाड़े ने हरिद्वार कुंभ-2027 की तैयारियों के तहत आगामी 1 दिसंबर 2026 को भैरव अष्टमी के अवसर पर प्रस्तावित भूमि पूजन कार्यक्रम स्थगित कर दिया है।
जूना अखाड़े के अंतरराष्ट्रीय संरक्षक श्रीमहंत हरि गिरि महाराज ने बताया कि ब्रह्मलीन आचार्य महामंडलेश्वर की स्मृति में जूना अखाड़े के सभी प्रमुख मठों, मंदिरों और आश्रमों में तीन दिनों तक समस्त धार्मिक आयोजन, समारोह और कार्यक्रम स्थगित रहेंगे। इस अवधि में सभी स्थानों पर उनकी आत्मा की शांति के लिए शांति पाठ, विशेष पूजा-अर्चना और हवन आदि धार्मिक अनुष्ठान किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि ग्वालियर में सिंधु नदी के तट पर स्थित भुवनेश्वर महादेव मंदिर में उनके संयोजन में अखाड़े के महामंडलेश्वरों, वरिष्ठ संतों, साधु-संन्यासियों और नागा संन्यासियों ने स्वामी विशोकानंद गिरी महाराज को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान संतों ने उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए श्रीमहंत हरि गिरि महाराज ने कहा कि ब्रह्मलीन आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी विशोकानंद भारती महाराज राजस्थान के बीकानेर के राजगुरु होने के साथ ही कनखल, हरिद्वार स्थित श्रीयंत्र मंदिर सोमेश्वर धाम के पीठाधीश्वर भी थे। उनका असामयिक निधन संत समाज और आध्यात्मिक जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। उनके जाने से आध्यात्मिक जगत में जो रिक्तता उत्पन्न हुई है, उसकी भरपाई संभव नहीं है।


