हरिद्वार से नव्या 2.0 का आगाज, अब 16 से 25 वर्ष की युवतियों को मिलेगा कौशल प्रशिक्षण




Listen to this article

24 राज्यों के 100 जिलों में लागू होगी योजना, रोजगार, अप्रेंटिसशिप और उद्यमिता से जोड़ने पर रहेगा विशेष जोर

News127 हरिद्वार।
देश की युवा महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में केंद्र सरकार ने हरिद्वार से नव्या 2.0 की शुरुआत की है। केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी और कौशल विकास एवं उद्यमिता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) जयंत चौधरी ने उत्तराखंड संस्कृत संस्थानम् में संयुक्त रूप से इस पहल का शुभारंभ किया। योजना के तहत अब 16 से 25 वर्ष तक की युवतियों को कौशल प्रशिक्षण दिया जाएगा। पहले इसकी पात्रता आयु सीमा 16 से 18 वर्ष थी।

नव्या यानी नर्चरिंग एस्पिरेशंस थ्रू वोकेशनल ट्रेनिंग फॉर यंग वुमेन एंड एडोलसेंट गर्ल्स महिला एवं बाल विकास मंत्रालय और कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय की संयुक्त पहल है। इसके दूसरे चरण में देश के 24 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के 100 जिलों को शामिल किया जाएगा। आकांक्षी और दुर्गम क्षेत्रों की युवतियों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। प्रशिक्षण को उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप तैयार किया जाएगा, ताकि युवतियों को उभरते और गैर-पारंपरिक रोजगार क्षेत्रों में भी अवसर मिल सकें।

केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि महिलाओं की पूर्ण भागीदारी के बिना विकसित भारत 2047 का संकल्प पूरा नहीं हो सकता। महिलाएं केवल विकास की लाभार्थी नहीं, बल्कि उसकी नेतृत्वकर्ता भी बनें। उन्होंने कहा कि सरकार बालिकाओं की जीवन यात्रा के प्रत्येक चरण में सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है और नव्या 2.0 इसी दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि योजना का उद्देश्य केवल प्रशिक्षण कार्यक्रमों में नामांकन कराना नहीं, बल्कि प्रत्येक युवती और उसके परिवार के साथ प्रशिक्षण से लेकर आजीविका तक निरंतर जुड़ाव बनाए रखना है। राज्य नोडल अधिकारी योजना के क्रियान्वयन का नेतृत्व करेंगे और स्किल इंडिया डिजिटल हब के माध्यम से अभ्यर्थियों के नामांकन, प्रशिक्षण तथा प्रमाणन की प्रगति पर नजर रखी जाएगी।

कौशल विकास एवं उद्यमिता राज्य मंत्री जयंत चौधरी ने वर्चुअल संदेश में कहा कि किसी भी कौशल विकास कार्यक्रम की वास्तविक सफलता प्रशिक्षण के बाद मिलने वाले अवसरों से तय होती है। नव्या 2.0 के माध्यम से वंचित और पिछड़े जिलों की अधिक से अधिक युवतियों को नए करियर विकल्पों, अप्रेंटिसशिप और स्वरोजगार के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि देश के कार्यबल में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाना और उन्हें नेतृत्व की भूमिका में सक्षम बनाना विकसित भारत के लक्ष्य के लिए जरूरी है।

योजना के पहले चरण में किशोरियों को ड्रोन निर्माण एवं असेंबली तकनीशियन तथा सोलर पीवी इंस्टॉलेशन हेल्पर जैसे रोजगारपरक क्षेत्रों में प्रशिक्षण दिया गया था। दूसरे चरण में ऐसे उभरते और गैर-पारंपरिक क्षेत्रों का दायरा बढ़ाया जाएगा। प्रशिक्षित युवतियों को रोजगार, अप्रेंटिसशिप और उद्यमिता के अवसरों से जोड़ने पर विशेष ध्यान रहेगा।

कार्यक्रम में उत्तराखंड सरकार की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य, मदन कौशिक, हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत सहित केंद्र और राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।