उत्तराखंड को 482 नए सक्षम आंगनवाड़ी केंद्रों की सौगात, हरिद्वार में हुआ लोकार्पण




Listen to this article

नव्या 2.0 के शुभारंभ कार्यक्रम में 477 सक्षम आंगनवाड़ी और पीएम-जनमन के पांच केंद्र जनता को समर्पित
News127, हरिद्वार।
महिला एवं बाल विकास तथा कौशल विकास के क्षेत्र में उत्तराखंड को बड़ी सौगात मिली है। हरिद्वार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी और केंद्रीय कौशल विकास एवं उद्यमिता राज्य मंत्री जयंत चौधरी की वर्चुअल मौजूदगी में प्रदेश के 477 सक्षम आंगनवाड़ी केंद्रों और प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महाअभियान (पीएम-जनमन) के तहत निर्मित पांच नए आंगनवाड़ी केंद्रों का लोकार्पण किया गया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना (पीएमकेवीवाई) 4.0 के तहत प्रशिक्षित 10 अभ्यर्थियों को भी सम्मानित किया गया।

उत्तराखंड संस्कृत संस्थानम् में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि सरकार महिलाओं और बालिकाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए विभिन्न योजनाओं के माध्यम से लगातार प्रयास कर रही है। महिलाओं की भागीदारी और नेतृत्व के बिना विकसित भारत 2047 का लक्ष्य हासिल करना संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को केवल योजनाओं का लाभार्थी बनाने के बजाय विकास की प्रक्रिया में नेतृत्वकारी भूमिका निभाने के अवसर देने होंगे।

कार्यक्रम में सक्षम आंगनवाड़ी केंद्रों के लोकार्पण को प्रदेश में बाल विकास और पोषण सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया गया। वहीं पीएम-जनमन के तहत बनाए गए पांच आंगनवाड़ी केंद्रों से जनजातीय क्षेत्रों में बच्चों और परिवारों तक सुविधाओं की पहुंच बढ़ाने का प्रयास किया गया है।

इस दौरान कौशल प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले 10 अभ्यर्थियों का सम्मान भी किया गया। प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना 4.0 के तहत प्रशिक्षित इन अभ्यर्थियों की उपलब्धियों को रेखांकित करते हुए कौशल विकास के माध्यम से रोजगार और आत्मनिर्भरता के अवसरों पर जोर दिया गया।

कार्यक्रम में नव्या 2.0 का भी शुभारंभ किया गया। इस पहल के तहत देश के 24 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के 100 जिलों की युवतियों को व्यावसायिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। योजना की पात्रता आयु सीमा 16 से 25 वर्ष निर्धारित की गई है। प्रशिक्षण के बाद युवतियों को रोजगार, अप्रेंटिसशिप और उद्यमिता के अवसरों से जोड़ने की व्यवस्था की जाएगी।

केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी ने अपने वर्चुअल संदेश में कहा कि कौशल प्रशिक्षण का उद्देश्य युवाओं को वास्तविक रोजगार और आजीविका के अवसर उपलब्ध कराना होना चाहिए। उन्होंने महिलाओं की कार्यबल में भागीदारी बढ़ाने और उन्हें नए रोजगार क्षेत्रों में आगे लाने की आवश्यकता बताई।

कार्यक्रम में उत्तराखंड की महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्य, कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक, हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत, कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय की सचिव देबाश्री मुखर्जी, महिला एवं बाल विकास मंत्रालय के सचिव अनिल मलिक सहित दोनों मंत्रालयों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।