मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने की घोषणा, दुर्घटना में आठ लोगों की मौत पर जताया गहरा शोक
news127, देहरादून।
पौड़ी गढ़वाल जनपद के रिखणीखाल क्षेत्र के कलवाड़ी में हुए भीषण सड़क हादसे पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गहरा दुःख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने दुर्घटना में जान गंवाने वाले आठ लोगों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये तथा घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।
मुख्यमंत्री ने हादसे में हुई जनहानि पर शोक जताते हुए शोकाकुल परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करने और दुःख की इस घड़ी में परिजनों को धैर्य एवं संबल देने की प्रार्थना की।
मुख्यमंत्री ने दुर्घटना में घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना भी की। उल्लेखनीय है कि रिखणीखाल के कलवाड़ी क्षेत्र में शनिवार को सवारियों से भरा मैक्स वाहन करीब 300 मीटर गहरी खाई में गिर गया था। हादसे में आठ लोगों की मौत हुई, जबकि चार लोग घायल हो गए। घायलों का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रिखणीखाल में उपचार कराया जा रहा है।


