जागेश्वर संग्रहालय से प्राचीन मूर्तियां दिल्ली ले जाने की सूचना पर विरोध




Listen to this article

News127अल्मोड़ा। शनिवार को जागेश्वर धाम के संग्रहालय में प्राचीन मूर्तियों को दिल्ली ले जाने की सूचना पर स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। जनप्रतिनिधि, व्यापार मंडल के सदस्य, पुजारी और ग्रामीण संग्रहालय परिसर में जुटे और पुरातत्व विभाग की टीम के सामने विरोध जताया। स्था
नीय लोगों का आरोप है कि उन्हें जानकारी दिए बिना मूर्तियों को दिल्ली ले जाने की तैयारी की जा रही थी। ग्रामीणों और पुजारियों ने कहा कि जागेश्वर मंदिर समूह की दुर्लभ मूर्तियां लंबे समय से संग्रहालय में सुरक्षित हैं और ये क्षेत्र की ऐतिहासिक विरासत तथा धार्मिक आस्था से जुड़ी हैं। उन्होंने पुरातत्व विभाग से लिखित आश्वासन मांगा कि संग्रहालय से कोई मूर्ति बाहर नहीं ले जाई जाएगी। आश्वासन नहीं मिलने पर संग्रहालय के गेट पर धरना और अनशन शुरू करने की चेतावनी दी गई। मामले को लेकर भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण के महानिदेशक, नई दिल्ली को पत्र भी भेजा गया है। पत्र अधीक्षण पुरातत्वविद्, देहरादून मंडल के माध्यम से भेजा गया, जिसकी प्रतिलिपि प्रधानमंत्री कार्यालय, राज्यपाल, मुख्यमंत्री, पर्यटन मंत्री और जिलाधिकारी अल्मोड़ा को दी गई है।
इधर, जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि वर्तमान में संग्रहालय की किसी भी मूर्ति के स्थानांतरण की कार्रवाई नहीं की जा रही है। प्रशासन के अनुसार नई दिल्ली स्थित युग-युगीन भारत संग्रहालय में प्रदर्शनी के प्रस्ताव के क्रम में कुछ मूर्तियों की स्थिति के परीक्षण और पूर्व मूल्यांकन के लिए विशेषज्ञ समिति गठित की गई थी। शनिवार को समिति के जागेश्वर पहुंचने पर स्थानीय पुजारियों और नागरिकों ने अपनी आपत्तियां और भावनाएं रखीं। इसके बाद समिति ने प्रस्तावित मूल्यांकन एवं भौतिक परीक्षण की कार्रवाई नहीं की। प्रशासन के अनुसार समिति ने चयनित मूर्तियों को आगे की अनुशंसा के लिए नामित नहीं किए जाने की बात अपने प्रतिवेदन में कही है। यह प्रतिवेदन भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण के महानिदेशक को भेजा गया है। जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने भी पूरे मामले से महानिदेशक को अवगत कराया है। प्रशासन ने लोगों से अपुष्ट सूचनाओं पर विश्वास न करने तथा शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की है।

जागेश्वर की मूर्तियों को दिल्ली नहीं ले जाने देंगे
अल्मोड़ा। पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल ने जागेश्वर संग्रहालय की मूर्तियों को दिल्ली ले जाने के प्रस्ताव का विरोध दर्ज कराते हुए कहा है कि संग्रहालय में मूर्तियां रहने से बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को दर्शन व अवलोकन का अवसर मिलता है, जिससे जागेश्वर की गरिमा बढ़ती है। मूर्तियों को दिल्ली ले जाने के निर्णय पर तत्काल रोक लगाने के लिए जिलाधिकारी से वार्ता किए जाने और बड़े जन आंदोलन की चेतावनी भी दी गई है।

पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने जताई कड़ी आपत्ति
अल्मोड़ा। जागेश्वर धाम में स्थित पुरातत्व संग्रहालय की प्राचीन मूर्तियों को दिल्ली स्थानांतरित किए जाने की खबर से विवाद खड़ा हो गया है। मूर्तियों को संग्रहालय से ले जाने के लिए एक टीम के जागेश्वर पहुंचने के बाद स्थानीय लोगों और पुजारियों ने इसका विरोध शुरू कर दिया है। मामले ने अब राजनीतिक तूल भी पकड़ लिया है। पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हरीश रावत ने मूर्तियों को दिल्ली भेजने के फैसले पर कड़ी आपत्ति जताते हुए राज्य सरकार से इस प्रक्रिया को तत्काल रोकने की मांग की है।

जागेश्वर की मूर्तियां देवभूमि की आत्मा: दिनेश कुंजवाल
अल्मोड़ा। उत्तराखण्ड क्रांति दल के केंद्रीय उपाध्यक्ष दिनेश कुंजवाल ने जागेश्वर मूर्ति संग्रहालय की मूर्तियों को दिल्ली के संग्रहालय में स्थानांतरित करने का पुरजोर विरोध किया है। जागेश्वर पहुंचकर उन्होंने कहा कि यह देवभूमि उत्तराखंड है और इसकी जो मूर्तियां हैं, वे इस देवभूमि की आत्मा हैं। उत्तराखण्ड की आत्मा के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
कुंजवाल ने कहा कि उत्तराखण्ड क्रान्ति दल इस मामले में सशक्त रूप से करो या मरो की तर्ज पर आंदोलन करेगा। उन्होंने कहा कि संविधान ने भी हमारी धार्मिक आस्था को मौलिक अधिकारों में रखा है। अगर यहां से मूर्तियां जाती हैं तो हमारी आस्था पर कुठाराघात होगा। संविधान द्वारा दिए गए अधिकारों से हमें वंचित करने का भी हम पुरजोर तरीके से विरोध करेंगे। उन्होंने कहा कि पूरा जागेश्वर क्षेत्र आज 5वें धाम के रूप में विकसित हो रहा है। कुंजवाल ने कहा कि सरकार का यह प्रयास होना चाहिए कि देश-विदेश से शोधार्थी यहां आएं और इन मूर्तियों पर शोध करें। इससे धार्मिक पर्यटन बढ़ेगा, रोजगार बढ़ेगा। तभी हम रिवर्स पलायन की बात कर पाएंगे।