शहीद आंदोलनकारियों को सीएम त्रिवेंद्र रावत ने दी श्रद्धांजलि




Listen to this article

नवीन चौहान
मुजफ्फरनगर। उत्तराखंड के सीएम त्रिवेंद्र रावत ने बुधवार को मुजफ्फरनगर पहुंच कर शहीद राज्य आंदोलनकारियों को अपने श्रद्धासुमन अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। रामपुर तिराहे पर बने उत्तराखंड शहीद स्मारक पर सीएम ने शहीद स्मारक पर पुष्प चक्र अर्पित करते हुए शहीद आंदोलनकारियो को याद किया। मुज़फ्फरनगर में हुई दिल दहलादेने वाली इस घटना को 25 वर्ष बीत गए लेकिन उत्तराखंड राज्य के लिये आंदोलन करते हुए पुलिस की गोलियों के शिकार हुए व महिलाओं के साथ सामूहिक बलात्कार की इस घटना के पीड़ितों को आज भी इंसाफ नहीं मिला है। आज भी ये लोग इंसाफ की आस लगाए हुए हैं। बुधवार को रामपुर तिराहा कांड की 25वीं बरसी मनाई गई।
मुज़फ्फरनगर पहुँचे सीएम त्रिवेंद्र रावत ने जहाँ यूपी से अलग राज्य बनाने की मांग कर रहे लोग रामपुर तिराहे पर पुलिस की गोली का शिकार होकर शहीद हो गए थे उन्हें श्रदांजली अर्पित की वही लाल बहादुर शास्त्री व महात्मा गांधी के चित्र पर पुष्प अर्पित किये। इस दौरान उन्होंने लोगों को सम्बोधित किया। सीएम त्रिवेंद्र रावत ने कहा कि मैं श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए यहां पर आया हूं। कहा कि अलग राज्य के विकास का जो सपना आंदोलनकारियों ने देखा था प्रदेश की भाजपा सरकार उस सपने को पूरा करने के लिए संकल्पबद्ध है। राज्य का विकास कर उसे बेहतर बनाने का काम तेजी से किया जा रहा है। इस दौरान सीएम त्रिवेंद्र रावत ने मंच से अपनी सरकार द्वारा किये गए कार्यों को गिनाया। इसके अलावा आने वाले दिनों में उत्तराखण्ड को कैसे बेहतर बनाया जाएगा वो भी बताया।