कोतवाली मंगलौर पुलिस ने 80 लाख के साइबर फ्रॉड नेटवर्क का किया खुलासा




Listen to this article

न्यूज 127, हरिद्वार।
एसएसपी हरिद्वार के नेतृत्व में साइबर अपराध के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली मंगलौर पुलिस ने एक बड़े साइबर ठगी नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने ₹80 लाख से अधिक के साइबर फ्रॉड में संलिप्त एक मुख्य आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।

प्रतिबिंब पोर्टल पर हॉटस्पॉट मूल अकाउंट की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की। जांच में सामने आया कि बैंक खाता संख्या 57410110000747 के खिलाफ देश के विभिन्न राज्यों से 20 से अधिक साइबर शिकायतें दर्ज हैं। इस मामले में थाना मंगलौर में मु0अ0सं0 391/2026, धारा 318(4) बीएनएस और 66डी आईटी एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया।

विवेचना के दौरान संदिग्ध खाताधारक की पहचान आकाश कुमार (पुत्र वीरेंद्र, निवासी गोपालपुर, उम्र 23 वर्ष) के रूप में हुई। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी अपने नाम से कुल 6 बैंक खाते संचालित कर रहा था। इन खातों के जरिए गुजरात, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, राजस्थान, ओडिशा, उत्तर प्रदेश, दिल्ली और पंजाब समेत कई राज्यों में लगभग ₹80 लाख से अधिक की साइबर धोखाधड़ी को अंजाम दिया गया।

आरोपी लोगों को फोन पर लॉटरी लगने और भारी इनाम का लालच देकर ठगी का शिकार बनाता था। ठगी से मिली रकम को वह एटीएम के जरिए निकालकर अन्य लाभार्थी खातों में ट्रांसफर कर देता था। पुलिस ने आरोपी के पास से 6 बैंक पासबुक, 6 एटीएम कार्ड और 2 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इस पूरी कार्रवाई को अंजाम देने वाली कोतवाली मंगलौर की पुलिस टीम की सराहना की जा रही है।