रुड़की में गिफ्ट सेंटर गोदाम में लगी भीषण आग, दहशत में आए लोग








Listen to this article

न्यूज 127, हरिद्वार/रुड़की।
रुड़की के अम्बर तालाब क्षेत्र में देर रात अचानक एक गोदाम में आग लगने से हड़कंप मच गया। नेहरू स्टेडियम के पीछे स्थित एक गिफ्ट सेंटर के गोदाम में अचानक भीषण आग लगने की इस घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और आसमान छूती लपटें दूर-दूर तक दिखाई देने लगीं।

जानकारी के अनुसार यहां अम्बर तालाब क्षेत्र में “विन्नी गिफ्ट सेंटर” के गोदाम से पहले धुआं उठता दिखाई दिया जो कुछ ही मिनटों में भीषण आग में तब्दील हो गया। गोदाम में बड़ी मात्रा में रखे सजावटी और ज्वलनशील सामान के चलते आग तेजी से फैलती चली गई और पूरा परिसर धू-धू कर जलने लगा। आग लगने की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची लेकिन संकरी गलियों के कारण दमकल गाड़ियों को घटनास्थल तक पहुंचने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

आग की विकरालता को देखते हुए मंगलौर और भगवानपुर से अतिरिक्त दमकल गाड़ियां भी बुलाई गईं। रिहायशी क्षेत्र में आग लगने से आसपास के मकानों पर खतरा मंडराने लगा जिससे स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई। पुलिस और प्रशासन की टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया।

प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में अभी तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है लेकिन भारी आर्थिक नुकसान की आशंका जताई जा रही है।