चारधाम यात्रा की सुरक्षा के लिए बॉर्डर पर पुलिस और पैरामिलिट्री फ़ोर्स तैनात








Listen to this article

न्यूज 127, हरिद्वार।
चारधाम यात्रा को सुरक्षित, सुगम एवं सुचारू रूप से संपन्न कराने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देशानुसार बॉर्डर क्षेत्रों में लगातार सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सोमवार को कोतवाली मंगलौर पुलिस द्वारा पैरामिलिट्री फोर्स के साथ संयुक्त रूप से बॉर्डर क्षेत्रों में व्यापक चेकिंग अभियान चलाया गया।

चेकिंग अभियान के दौरान विशेष रूप से नारसन बॉर्डर, नहर पटरी मार्ग, मुख्य सड़क मार्ग एवं लिंक रोड, हाईवे पुल व कट, अंडरपास व बाईपास तथा चक रोड आदि पर विशेष चैकिंग की गई। चेकिंग के दौरान आने-जाने वाले सभी वाहनों एवं संदिग्ध व्यक्तियों की गहन जांच कर सत्यापन के उपरांत ही आगे जाने दिया गया।

पुलिस एवं पैरामिलिट्री बल द्वारा क्षेत्र के चप्पे-चप्पे पर मुस्तैदी से ड्यूटी करते हुए सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाया जा रहा है। वहीं दूसरी ओर शहर के अंदर भी सांयकालीन चेकिंग के दौरान सभी थाना क्षेत्रों में व्यापक चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान संदिग्ध वाहन चालकों को रोककर उनकी जांच पड़ताल के बाद ही आगे जाने दिया गया। बिना हेलमेट पहने दुपहिया वाहन चलाने वालों को भी सख्त हिदायत दी गई। इस दौरान पुलिस एक्ट में चालान भी किये गए।