न्यूज127
हरिद्वार। तीरंदाजी कोच प्रकरण में पुलिस जांच के दौरान एक अहम तथ्य सामने आया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिस युवक को लेकर विवाद चल रहा है, उसका डीएवी सेंटेनरी पब्लिक स्कूल, जगजीतपुर से कोई संबंध नहीं है। वह न तो स्कूल का शिक्षक है और न ही किसी एजेंसी के माध्यम से नियुक्त कर्मचारी।
वरिष्ठ उप निरीक्षक अनुज सिंह (थाना कनखल) ने बताया कि अब तक की जांच में आरोपी का स्कूल से प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष कोई संबंध स्थापित नहीं हुआ है। मामले की जांच अभी जारी है।
वहीं, स्कूल प्रशासन ने भी इस मामले पर अपनी स्थिति स्पष्ट की है। डीएवी सेंटेनरी पब्लिक स्कूल के प्रधानाचार्य मनोज कुमार कपिल ने कहा कि कुछ लोग सोशल मीडिया पर भ्रामक जानकारी फैलाकर स्कूल की छवि को नुकसान पहुंचाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने दोहराया कि आरोपी व्यक्ति न तो स्कूल का शिक्षक है और न ही किसी प्रकार से संस्थान से जुड़ा हुआ है।
जानकारी के अनुसार, अभिभावकों के अनुरोध पर बच्चों को तीरंदाजी का अभ्यास कराने के लिए स्कूल प्रशासन ने सीमित समय के लिए खेल मैदान उपलब्ध कराया था।
फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
तीरंदाजी कोच प्रकरण: पुलिस ने किया बड़ा खुलासा, डीएवी स्कूल से नहीं है आरोपी का कोई संबंध




