नवीन चौहान.
राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के अध्यक्ष सुखदेव सिंह गोगामेड़ी के दोनों हत्यारे रोहित राठौर और नितिन फौजी चंडीगढ़ से गिरफ्तार कर लिए गए हैं। दोनों को राजस्थान और दिल्ली पुलिस ने मिलकर संयुक्त कार्रवाई के दौरान गिरफ्तार करने का दावा किया गया है। गोगामेड़ी की हत्या की सुपारी देने वाले महेंद्रगढ़ के रामवीर सिंह जाट को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। सभी आरोपियों को पुलिस दिल्ली लेकर गई है।
सुखदेव सिंह गोगामेड़ी हत्याकांड में शामिल दो मुख्य आरोपियों नितिन फौजी और रोहित राठौड़ को शनिवार की रात पुलिस ने चंडीगढ़ के एक होटल से गिरफ्तार करने का दावा किया है। होटल में पूछताछ के दौरान खुलासा हुआ कि तीनों आरोपी होटल में फर्जी पहचान पत्र के सहारे रुके थे। होटल में रुकने के लिए आरोपियों ने अपना नाम देविंद्र कुमार, जयवीर सिंह और सुखवीर सिंह बताया था।
सूत्रों के मुताबिक दिल्ली पुलिस और राजस्थान पुलिस की संयुक्त टीम ने शनिवार रात में ही होटल पर दबिश दी थी। 8:30 बजे चंडीगढ़ के होटल में दबिश दी थी। यहां से दो शूटर समेत तीन लोगों को दबोचा था।
गिरफ्तार आरोपियों में शूटर रोहित राठौड़, नितिन फौजी और इनका एक मददगार उधम शामिल है। जानकारी के मुताबिक तीनों वारदात को अंजाम देने के बाद हिसार पहुंचे थे। इसके बाद हिमाचल के मनाली और मंडी में ठहरे। वहां से चंडीगढ़ पहुंचे थे।