वीकेंड पर यातायात व्यवस्था परखने स्वयं सड़कों पर उतरे कप्तान








Listen to this article

न्यूज 127, हरिद्वार।
वीकेंड और सोमवती अमावस्या स्नान पर्व को लेकर हरिद्वार पुलिस सुबह से ही सजग बनी हुई है। भीड़ को देखते हुए जो यातायात प्लान जारी किया गया था, उसका सुबह से ही सख्ती से पालन किया जा रहा है। यातायात व्यवस्थाओं को परखने के लिए एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर स्वयं सड़कों पर उतर आए। उन्होंने शंकराचार्य चौक समेत उन सभी स्थानों का निरीक्षण किया जहां जाम की संभावना बनी रहती है।
इस दौरान एसएसपी ने ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों को दिशा निर्देश देते हुए कहा कि यातायात को सुचारू बनाए रखें, किसी भी सूरत में जाम न लगने दे। नियमों का पालन न करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। इसका भी ध्यान रखा जाए कि कोई भी वाहन सड़क पर पार्क न हो। वहीं दूसरी ओर शहर में जाम ​से निजात दिलाने के लिए रूड़की बाइपास पर वाहनों को नगलाइमरती से डायवर्ट कर लक्सर की ओर भेजा जा रहा है। वाहनों को लक्सर की ओर भेजने से बहादराबाद, ज्वालापुर और हरिद्वार में लगने वाले जाम से फिलहाल निजात मिल रही है।