अवैध संबंधों के चलते हुई थी गोपाल की हत्या, पति-पत्नी गिरफ्तार




Listen to this article

न्यूज 127, हरिद्वार।
नगर कोतवाली क्षेत्र स्थित दूधियाबंद बस्ती के पास जंगल में मिले अज्ञात व्यक्ति के शव के मामले का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस ने हत्या के आरोप में एक दंपती को गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला पर मृतक लगातार परिवार छोड़कर साथ रहने का दबाव बना रहा था और वीडियो वायरल करने की धमकी दे रहा था, जिसके चलते पति-पत्नी ने मिलकर उसकी हत्या की साजिश रची।

बीती 17 सितंबर की सुबह दूधियाबंद बस्ती के पास जंगल में एक करीब 50 वर्षीय व्यक्ति का शव बरामद हुआ था। मृतक की जेब से बिजनौर बस का टिकट मिला था। 20 सितंबर को परिजनों ने शव की पहचान गोपाल पुत्र उमा चरण (50), निवासी नई बस्ती (आबकारी चौकी के पास), बिजनौर के रूप में की।

एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने सोमवार को प्रेसवार्ता कर घटना का खुलासा करते हुए गिरफ्तार अभियुक्तों के बारे में जानकारी दी। एसएसपी ने बताया कि मृतक के बेटे आशु कुमार की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की और 21 सितंबर को आरोपी दंपती को मोतीचूर रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी नरेंद्र का मेरठ के एक अस्पताल में इलाज चल रहा था, जहां उसकी पत्नी की पहचान गोपाल से हुई। बाद में दोनों के बीच संबंध बन गए। गोपाल महिला पर अपना परिवार छोड़कर साथ रहने का दबाव बनाने लगा। रक्षाबंधन पर जब महिला बिजनौर में गोपाल से मिलने गई, तो पति को उनके संबंधों का पता चल गया। आरोप है कि गोपाल ने महिला के पति के साथ मारपीट की और बाद में जान से मारने व वीडियो वायरल करने की धमकी देने लगा।

गंगा घाट पर शराब पिलाकर दिया वारदात को अंजाम
इससे परेशान होकर दंपती ने गोपाल को रास्ते से हटाने की योजना बनाई। 16 सितंबर की रात योजनाबद्ध तरीके से महिला ने गोपाल को हरिद्वार बुलाया। वहां गंगा घाट पर शराब पीने के बाद जब गोपाल सो गया, तो पहले से घात लगाए बैठे पति और उसके अन्य साथियों ने लोहे के चापड़ व छुरी से हमला कर उसकी निर्मम हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपियों ने मृतक का मोबाइल और पर्स गंगा में फेंक दिया। पुलिस ने नरेंद्र (40) और उसकी पत्नी (36), निवासी ग्राम मोमिनपुर, बिजनौर को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त चापड़ बरामद कर लिया है, जबकि मामले में शामिल दो अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।