DAV हरिद्वार: लक्ष्य हैड ब्वॉय और समृद्धि हैड गर्ल चुनी गई




Listen to this article

न्यूज 127.
डीएवी सेंटेनरी पब्लिक स्कूल हरिद्वार में अलंकरण समारोह का आयोजन बड़े ही हर्षोल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में खंड शिक्षा अधिकारी विनोद कुमार सम्मिलित हुए। भारतीय संस्कृति तथा वैदिक रीति का पालन करते हुए सर्वप्रथम कार्यक्रम का आरंभ दीप प्रज्वलन तथा गायत्री मंत्र के साथ हुआ।

इस अवसर पर विद्यार्थियों ने विद्या की देवी मां सरस्वती की वंदना ‘हंस वाहिनी ज्ञान दायिनी अंब विमल मति’ की सुंदर प्रस्तुति दी।

विद्यालय प्रधानाचार्य मनोज कपिल ने मुख्य अतिथि का पुष्प गुच्छ देकर स्वागत किया। संगीत और नृत्य, शिक्षा का एक अंग है, विद्यार्थियों द्वारा एक मनमोहक नृत्य के माध्यम से शिक्षा के महत्व तथा शिक्षा से प्राप्त ऊंचाइयों को बखूबी प्रस्तुत किया गया।

अलंकरण समारोह विद्यार्थियों को जिम्मेदारी, अधिकार और पदनाम देने का अवसर है। यह उन्हें निर्णय लेना, नेतृत्व करना जैसे कौशल सिखाता है। विद्यालय में प्रतिवर्ष की भाँति एक विद्यार्थी परिषद का गठन किया गया। मुख्य अतिथि खंड शिक्षा अधिकारी विनोद कुमार तथा प्रधानाचार्य मनोज कपिल के द्वारा विद्यार्थियों को पदनाम दिए गए। लक्ष्य सिंघल को छात्र प्रमुख तथा समृद्धि भटनागर को छात्रा प्रमुख का पद सौंपा गया। उप छात्र प्रमुख शौर्य जैन और उप छात्रा प्रमुख के लिए मान्या अरोड़ा का चयन किया गया।

विद्यालय के समस्त विद्यार्थियों को चार सदनों में विभक्त किया गया है। गंगा सदन के कप्तान का कार्यभार संस्कार भाटिया तथा निहारिका मिश्रा को दिया गया। कृष्णा सदन के कप्तान के लिए किसना चावला तथा स्तुति त्रिपाठी का चयन हुआ। नर्मदा सदन के कप्तान प्रत्यूष सिंह और गीतांशी आहूजा चयनित हुए। सतलुज सदन के कप्तान के पद के लिए कृष्ण वर्मा और मिष्ठी जैन का चयन किया गया।

छात्र परिषद ने मुख्य अतिथि को सलामी दी। प्रधानाचार्य मनोज कुमार कपिल ने विद्यार्थियों को शपथ दिलाई और और कहा पदनाम लेना एक जिम्मेदारी का कार्य है आपको सभी विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करने के साथ-साथ अपनी प्रतिभा को भी निखारना है। मुख्य अतिथि ने चयनित विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए अपने कार्य को अनुशासन और नियम के साथ पूर्ण करने का संदेश दिया। उन्होंने कहा उनका यह कार्य एक दिन का नहीं बल्कि पूरे सत्र उन्हें सजग रहना होगा, जिसमें वे अवश्य ही सफल होंगे।

कार्यक्रम के अंत में कार्यक्रम समन्वयक रश्मि बलूनी ने सर्वप्रथम मुख्य अतिथि विनोद कुमार को अपना अमूल्य समय देने के लिए धन्यवाद दिया। विद्यालय प्रधानाचार्य मनोज कुमार कपिल का उनके मार्गदर्शन करने तथा पर्यवेक्षिकाओं कुसुम बाला त्यागी एवं हेमलता पाण्डेय को समय-समय पर महत्वपूर्ण सुझाव देने तथा अन्य सभी सदस्यों का कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए के लिए धन्यवाद किया।

कार्यक्रम संचालिका सोनिया त्यागी ने कार्यक्रम का संचालन बखूबी किया। कार्यक्रम में सीनियर विंग के सभी विभागाध्यक्ष तथा शिक्षक और शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।