प्राथमिक शिक्षक भर्ती की मांग तेज” :डीएलएड प्रशिक्षुओं ने शिक्षा मंत्री से की शिष्टाचार भेंट








Listen to this article

देहरादून।
डीएलएड 2021–22 बैच के अभ्यर्थियों का एक प्रतिनिधिमंडल यमुना कॉलोनी स्थित प्रदेश के शिक्षा मंत्री डॉ धन सिंह रावत के आवास पहुंचा, जहां उन्होंने शिष्टाचार भेंट करते हुए प्रदेश में नई प्राथमिक शिक्षक भर्ती प्रक्रिया शीघ्र शुरू कराने की मांग को प्रमुखता से उठाया।
प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री के समक्ष अपनी बात रखते हुए बताया कि प्रदेश के सरकारी विद्यालयों में शिक्षकों की भारी कमी देखने को मिल रही है। वर्ष 2026 में बड़ी संख्या में शिक्षकों के सेवानिवृत्त होने के कारण यह समस्या और अधिक गंभीर हो गई है। अभ्यर्थियों ने कहा कि कई विद्यालयों में एक या दो शिक्षकों के भरोसे ही पूरी व्यवस्था संचालित हो रही है, जिससे बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है।
प्रशिक्षुओं ने यह भी अवगत कराया कि उन्होंने डीएलएड प्रशिक्षण पूरा कर लिया है और लंबे समय से भर्ती प्रक्रिया शुरू होने का इंतजार कर रहे हैं। ऐसे में यदि जल्द भर्ती प्रक्रिया प्रारंभ की जाती है तो एक ओर जहां शिक्षित बेरोजगारों को रोजगार मिलेगा, वहीं दूसरी ओर विद्यालयों में शिक्षकों की कमी भी दूर हो सकेगी।
मुलाकात के दौरान शिक्षा मंत्री ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुना और उनकी मांगों पर सकारात्मक रुख अपनाया। मंत्री ने आश्वासन दिया कि प्रदेश के प्राथमिक विद्यालयों में रिक्त पदों को शीघ्र भरने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। साथ ही उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि रिक्त पदों का आंकलन कर जल्द से जल्द भर्ती प्रक्रिया प्रारंभ करने की कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।
इस अवसर पर उपस्थित अभ्यर्थियों में रितेश, अंशुमन, शिवानी, मोहित, नवीन, अमन सहित अन्य प्रशिक्षु शामिल रहे। सभी ने एक स्वर में सरकार से शीघ्र भर्ती प्रक्रिया शुरू करने की अपेक्षा जताई।