खतियाड़ी क्षेत्र में जल निकासी व्यवस्थाओं का जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने किया निरीक्षण








Listen to this article

न्यूज 127, अल्मोड़ा।
जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने शनिवार को खतियाड़ी क्षेत्र में जल निकासी की स्थिति का जायजा लेने हेतु नालों का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि नालों के माध्यम से जल निकासी की समुचित एवं सुचारु व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि बरसात के दौरान किसी प्रकार की जल रुकाव व जलभराव की समस्या उत्पन्न न हो।
जिलाधिकारी ने नालों में हो रहे अतिक्रमण पर कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए इसे तत्काल हटाने के निर्देश दिए। साथ ही, उन्होंने नालों में कूड़ा-करकट डालने पर प्रभावी रोक लगाने के लिए सख्त निगरानी एवं जनजागरूकता अभियान चलाने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि जल निकासी तंत्र को बाधित करने वाले तत्वों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने यह भी बताया कि नालों के लिए शीघ्र ही प्राकृतिक आधारित वाटर ट्रीटमेंट (शोधन) योजना प्रस्तावित की जाएगी, जिससे जल के साथ बहने वाली गंदगी को नदी में जाने से पूर्व ही रोक दिया जाए और पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिले। इस अवसर पर संबंधित विभागों के अधिकारी एवं स्थानीय प्रतिनिधि उपस्थित रहे।