क्वारब में डीएम अंशुल सिंह का सख्त रुख: स्लाइड जोन सुधार व बायपास संचालन में तेजी के निर्देश








Listen to this article

अल्मोड़ा
जनपद के अति संवेदनशील क्वारब स्लाइड जोन में चल रहे सुधारीकरण कार्यों का जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिकारियों से कार्यों की प्रगति, तकनीकी पहलुओं और अवशेष कार्यों की विस्तृत जानकारी प्राप्त करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि कार्यों में तेजी लाई जाए तथा गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता न किया जाए।


जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने मौके पर कार्यरत मजदूरों और मशीन ऑपरेटर्स की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर बल देते हुए कहा कि सभी कार्य निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुरूप ही किए जाएं। उन्होंने चेतावनी दी कि लापरवाही की स्थिति में संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।
उन्होंने कहा कि यह सड़क अल्मोड़ा, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जैसे महत्वपूर्ण जनपदों को जोड़ने वाला जीवनरेखा मार्ग है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में यात्री और स्थानीय लोग आवागमन करते हैं। ऐसे में इस मार्ग की सुचारू स्थिति बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने यातायात संचालन को व्यवस्थित बनाए रखने के निर्देश देते हुए कहा कि यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने नवनिर्मित क्वारब बायपास मार्ग का भी गहन निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, ढांचागत मजबूती और कार्य प्रगति का बारीकी से मूल्यांकन किया। इस संबंध में लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने उन्हें तकनीकी जानकारी उपलब्ध कराई।
जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने बताया कि क्वारब स्लाइड प्वाइंट पर बार-बार उत्पन्न होने वाली बाधाओं से निजात दिलाने के उद्देश्य से इस बायपास मार्ग का निर्माण किया गया है, जिससे यातायात का वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध हो सके। उन्होंने निर्देश दिए कि बायपास मार्ग के शेष कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण करते हुए इसके संचालन की प्रक्रिया को तेजी से पूरा किया जाए।
उन्होंने कहा कि पर्यटन गतिविधियों की दृष्टि से भी यह मार्ग अत्यंत महत्वपूर्ण है, क्योंकि यह क्षेत्र कुमाऊं मंडल के प्रमुख पर्यटन स्थलों को जोड़ता है। ऐसे में बायपास मार्ग का शीघ्र संचालन न केवल स्थानीय जनता बल्कि पर्यटकों के लिए भी लाभकारी सिद्ध होगा।
जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने यह भी स्पष्ट किया कि बायपास मार्ग के शुरू होने से एक ओर जहां यात्रियों का आवागमन निर्बाध और सुरक्षित होगा, वहीं दूसरी ओर स्लाइड जोन में चल रहे सुधारात्मक कार्य भी बिना किसी बाधा के निरंतर जारी रह सकेंगे। इससे दीर्घकालिक रूप से सड़क की स्थिरता और सुरक्षा सुनिश्चित की जा सकेगी।
निरीक्षण के दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग, लोक निर्माण विभाग के अधिकारी, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी विनीत पाल, तहसीलदार ज्योति धपवाल सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।