गंभीरता के साथ करें जनगणना 2021 का कार्य: डीएम नितिन सिंह भदौरिया




सोनी चौहान
जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया की अध्यक्षता में जनगणना-2021 की तैयारियो को लेकर बहुउददेशीय सभागार में जिला स्तरीय चार्ज व सहायक चार्ज अधिकारियों का दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का मंगलवार को समापन हो गया।
जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने उपस्थित चार्ज एवं सहायक चार्ज अधिकारियों को प्रशिक्षण के दौरान दी गयी जानकारियों को आत्मसाद करते हुए तद्नुसार ही कार्य करने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि जनगणना राष्ट्रीय महत्व का कार्य है। इसके आधार पर ही किसी भी क्षेत्र विशेष की विकास योजनाएं तैयार की जाती है और इसमें छोटी सी भी त्रुटि होने से सभी चीजें प्रभावित हो जाती है। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिये कि अपने-अपने क्षेत्रान्तर्गत उनके अधीनस्थ सुपरवाईजर व प्रगणकों को प्रशिक्षित कर इस कार्य में भागीदारी सुनिश्चित करें। उन्होंने जनगणना के दौरान गुणवत्ता एवं समरूपता का विशेष ध्यान रखने को कहा ताकि ये आंकडे भविष्य में योजनाएं बनाने में सहायक सिद्व हो सके। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण के दौरान जिन शंकाओं का समाधान नहीं हो सका है उन्हें निदेशालय स्तर पर वार्ता कर समाधान किया जायेगा।
प्रशिक्षण में जनगणना निदेशालय देहरादून की सहायक निदेशक तान्या सेठ ने सभी चार्ज अधिकारियों को प्रस्तुतीकरण के माध्यम से जनगणना के इतिहास एवं महत्व के बारे बताते हुए जनगणना-2021 के तहत किए जाने वाले कार्यो की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि आम आदमी के लाभ हेतु विभिन्न कल्याणकारी योजनाएं बनाने के लिए जमीनी स्तर की सूचनाएं जनगणना के तहत एकत्रित जानकारी के आधार पर ही की जाती है। जनगणना देश, राज्य, जिला, शहर, वार्ड और ग्राम स्तर पर प्राथमिक आंकडों का सबसे बडा स्रोत है। उन्होंने प्रशिक्षण के दौरान जनगणना कार्य से सम्बन्धित विभिन्न जानकारिया उपस्थित चार्ज एवं सहायक चार्ज अधिकारियों को दी। उन्होंने कहा कि जनगणना में संकलित किए गए आंकड़े बहुत ही महत्वपूर्ण होते है, क्योंकि ये देश की योजना एवं विकास के लिए ठोस आधार उपलब्ध कराते है।
इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी मनुज गोयल, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी मनोहर लाल, प्रशासनिक अधिकारी भीम सिंह मेर, जिला समन्वयक जनगणना वी0के0 प्रजापति, सूचना विज्ञान अधिकारी अमित लाम्बा, अधिशासी अधिकारी नगरपालिका श्याम सुन्दर प्रसाद के अलावा जनपद के समस्त तहसीलदार/चार्ज अधिकारी, नायब तहसीलदार/सहायक चार्ज अधिकारी उपस्थित थे।



Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *