ऋषिकुल पंजीकरण केंद्र पर बुजुर्ग महिला यात्री का मोबाइल चोरी








Listen to this article

हरिद्वार।
चारधाम यात्रा के लिए बनाए गए ऋषिकुल मैदान स्थित पंजीकरण केंद्र पर सुरक्षा व्यवस्था की पोल उस समय खुल गई, जब भारी पुलिस बल की मौजूदगी के बावजूद एक जेबकतरे ने बुजुर्ग महिला यात्री का मोबाइल चोरी कर लिया। घटना के बाद न केवल यात्रियों में असुरक्षा की भावना बढ़ी, बल्कि मौके पर तैनात पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े हो गए हैं।


जानकारी के अनुसार नेपाल निवासी प्रेम कुमारी अपने परिजनों के साथ सुबह लगभग सात बजे चारधाम यात्रा के पंजीकरण हेतु ऋषिकुल मैदान पहुंचीं। वह अन्य यात्रियों के साथ लाइन में खड़ी थीं, तभी एक अज्ञात युवक भीड़ का फायदा उठाते हुए उनके पास आया और मौका पाकर उनका मोबाइल फोन चोरी कर फरार हो गया।
महिला को घटना की जानकारी उस समय हुई, जब पंजीकरण प्रक्रिया पूरी करने के बाद वह अपने वाहन में बैठीं। मोबाइल गायब मिलने पर उन्होंने तुरंत पंजीकरण केंद्र पर मौजूद पुलिसकर्मियों को इसकी सूचना दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने औपचारिकता निभाते हुए सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की, लेकिन काफी देर तक जांच के बावजूद आरोपी का कोई सुराग नहीं लग पाया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पंजीकरण केंद्र पर पर्याप्त संख्या में पुलिसकर्मी तैनात थे, बावजूद इसके सुरक्षा व्यवस्था ढीली नजर आई। कुछ महिला पुलिसकर्मी आपस में बातचीत में व्यस्त दिखीं, जिससे चोर को वारदात को अंजाम देने का मौका मिल गया।
उत्तराखंड की विश्व प्रसिद्ध चार यात्रा शुरू हो गई है। चार धाम यात्रा पर जाने वाले यात्री अपना पंजीकरण कराने ऋषिकुल मैदान पर पहुंचते हैं, ऐसे में पंजीकरण केंद्र जैसे महत्वपूर्ण स्थल पर इस प्रकार की घटना प्रशासनिक तैयारियों पर गंभीर प्रश्नचिह्न लगाती है। यात्रियों का कहना है कि यदि पुलिस बल की मौजूदगी में ही इस तरह की घटनाएं होंगी, तो उनकी सुरक्षा कैसे सुनिश्चित की जाएगी। सोमवार की सुबह यह घटना प्रशासन के लिए एक चेतावनी है कि केवल पुलिस बल की तैनाती पर्याप्त नहीं, बल्कि उनकी सक्रियता और सतर्कता भी उतनी ही आवश्यक है। अब देखना होगा कि पुलिस इस मामले में कितनी तत्परता से कार्रवाई कर आरोपी तक पहुंचती है और भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए क्या ठोस कदम उठाए जाते हैं।